GWALIOR: बोट क्लब के पास चौपाटी में पक्की दुकानें बनेंगी, ग्रीन बेल्ट को खत्म करने वाला 3rd प्रोजेक्ट - MP NEWS

ग्वालियर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में आमजन को पेड़-पाैधों को सहेजने की सीख देने वाले जिम्मेदार अफसर ही ग्रीन बेल्ट को खत्म कर रहे हैं। शहर के बीचों-बीच मौजूद फूलबाग के ग्रीन बेल्ट में हाट बाजार और गुरुद्वारे के पीछे पक्की दुकानों के बाद अब बोट क्लब के पास चौपाटी में 50 पक्की दुकानें बनाई जा रही हैं। पिछले 17 साल में ग्रीन बेल्ट को खत्म कर इस सर्किल में बनने वाला ये तीसरा प्रोजेक्ट है। 

बोट क्लब से सटे ग्रीन बेल्ट की जमीन पर 2008-09 में संभागीय हाट बाजार का निर्माण कराया गया। यहां भी नियमों को दरकिनार किया गया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने इसके लिए अनापत्ति देने से इनकार कर दिया था। लेकिन अधिकारियों ने संबंधित विभागों से निर्माण अनुमति लिए बिना ही हाट बाजार बनवा दिया। यहां हस्तशिल्पियों को रोजगार देने की बात कही गई थी, लेकिन यहां दुकानें अभी भी खाली हैं।

स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने यहां जेठानी एसोसिएट्स को ठेका देकर काम शुरू करा दिया है और यहां से ठेले वालों को लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने वाले मैदान में शिफ्ट करा दिया है। जबकि शहर के मास्टर प्लान में इस पूरे का लैंडयूज ग्रीन बेल्ट के रूप में दर्ज है। लेकिन स्मार्ट सिटी एवं दूसरे जिम्मेदार अधिकारी इसे दरकिनार करते हुए खुद की मनमर्जी से काम कर रहे हैं।

मौजूदा सांसद विवेक शेजवलकर ने पहली बार महापौर बनने के बाद यहां चाट के ठेलों काे शिफ्ट कराया था। ग्रीन बेल्ट की बंदिश के कारण उन्होंने इस स्थान पर निर्माण नहीं करवाया था। चिड़ियाघर 8 हेक्टेयर जमीन पर बना है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने इसके विस्तार के निर्देश दिए थे। इस पर 2010 में चिड़ियाघर के विस्तार का मास्टर प्लान बना, इसमें स्वर्ण रेखा व आस-पास की जमीन को शामिल करने का निर्णय हुआ पर अमल नहीं हुआ।

जिम्मेदारों के जवाब 

चौपाटी पर जो भी कार्य हो रहा है वह नियमानुसार हो रहा है।
जयति सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी

ग्रीन बेल्ट में किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण नहीं किया जा सकता। लोगों की सुविधा के लिए टेंपरेरी शेड आदि बनाए जा सकते हैं।
वीके शर्मा, संयुक्त संचालक, टीएंडसीपी

शहर के अंदर के ग्रीन बेल्ट को नियमानुसार विकसित करना जरूरी है। जिम्मेदारों को चाहिए कि वे इन क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाएं।
विनोद शर्मा, पूर्व आयुक्त नगर निगम

चौपाटी के दुकानदारों को पक्की दुकानें बनाकर दी जाएंगी। इसके लिए काम शुरू हो गया है।
विजय जेठानी, संचालक जेठानी एसोसिएट्स

हम लोगों को पक्की दुकानें बनने तक के लिए सामने मैदान में शिफ्ट किया गया है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बैठक लेकर इसकी जानकारी दी थी।
सुभाष निगम, अध्यक्ष चौपाटी विक्रेता संघ

09 जून को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार


महत्वपूर्ण, मददगार एवं मजेदार जानकारियां

Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !