JABALPUR NEWS TODAY: HEADLINES, HINDI LATEST NEWS 23rd OCTOBER 2020 / जबलपुर : आज के महत्वपूर्ण समाचार - MP NEWS

मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में आज के प्रमुख समाचारों में फर्जी पंजीयन कराने पर होगी FIR, बार एसोसिएशन ने की 10-10 हजार रुपए की मांग, अब तक B.Ed प्रवेश प्रक्रिया से वंचित रहे विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी, साढे 17000 रेल कर्मचारियों के खातों में पहुंची बोनस राशि, अब बड़ी हुई संपत्तियों से भी टैक्स वसूलेगा नगर निगम, अवैध रिफिलिंग के दौरान गैस सिलेंडर फटा और भी महत्वपूर्ण समाचार:- 

पुलिस बूथ पर एक्सीडेंटल कार

जबलपुर ट्रैफिक पुलिस ने एक अनूठी बेदारी मुहिम चलाई है। जहां NH-7 नागपुर इलाहाबाद हाइवे पर एक एक्सीडेंटल वाहन को एक बूथ के ऊपर रखा गया है जो पहले तो किसी को भी अचंभित कर देता है लेकिन जब लोगों की निगाह बूथ पर लिखी लाइनों पर जाती है, तो कुछ सीख मिलती है। सीख यह कि अगर आप गाड़ी चला रहे हैं तो धीमी रफ्तार और महफूज़ होने के साथ यातायात नियमों का पालन जरूर करें।

फर्जी किसानों के खिलाफ मामला दर्ज करें: जबलपुर कलेक्टर

जबलपुर शहपुरा तहसील में समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री के लिए कराए गए फर्जी पंजीयन का मामला उजागर होने के बाद अब प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को कुंडम तहसील के दौरे पर एसडीएम व तहसीलदार को फर्जी पंजीयन कराने वालों की एफ आई आर दर्ज कराने के निर्देश दिए |

B.Ed प्रवेश से वंचित रहे विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी

B.Ed की रिक्त 4500 सीटों को भरने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने काउंसलिंग का पांचवा अतिरिक्त चरण आयोजित किया है। इसके लिए 23 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक पंजीयन होगा तथा 28 अक्टूबर से दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 9 नवंबर को मेरिट सूची जारी होगी। वह 10 नवंबर तक विद्यार्थियों को फीस भरना होगा।

बार एसोसिएशन के वकीलों ने की 10-10 हज़ार रुपए की मांग की

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट बार एसोसिएशन जबलपुर के प्रतिनिधि मंडल ने जबलपुर कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा से मुलाकात की व मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें जबलपुर सहित राज्य के सभी वकीलों को कोरोना काल में बतौर राहत 10-10 हज़ार रुपये सहायता राशि देने की बात पर जोर दिया गया। 

17000 रेल कर्मचारियों के खातों में पहुंचा दीपावली का बोनस

रेल मंडल जबलपुर के साढे 17000 कर्मचारियों के लिए शुक्रवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। पिछले 15 दिनों से धरना प्रदर्शन व आंदोलन के बाद केंद्र सरकार को आखिरकार बोनस देने की घोषणा करनी पड़ी। प्रत्येक कर्मचारी को 78 दिनों दिनों के हिसाब से  ₹17,951 का भुगतान किया गया है। 

अब बड़ी हुई संपत्तियों से भी टैक्स वसूलेगा नगर निगम

संभाग आयुक्त नगर निगम प्रशासक बी चंद्रशेखर और निगमायुक्त अनूप सिंह के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने घर-घर जाकर नाप जोख का काम किया। पुराने रिकॉर्ड से मिला कर नए सिरे से संपत्तियों की नपाई और करदाताओं को बढ़ी संपत्तियों के आधार पर टैक्स राशि जमा करने की समझाइश दी गई। उपायुक्त पीएन सनखेरे ने बताया कि नगर निगम की आय में वृद्धि करने के मकसद से संभाग आयुक्त  व नगर निगम प्रशासको द्वारा सभी संभागों में नई संपत्तियों की खोज कर वर्तमान स्थिति के हिसाब से नपाई कर करारोपण करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अवैध रिफिलिंग के दौरान गैस सिलेंडर फटा, एक महिला और एक युवक घायल

आधार ताल के शांति नगर, सुहागी में घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध फिलिंग के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां की जा रही रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर में इतना जोरदार धमाका हुआ कि धमाके की आवाज से आसपास के घरों के खिड़की व दरवाजे भी हिल गए। इस हादसे में 32 साल की एक महिला और 29 साल का एक युवक बुरी तरह झुलस गए। दोनों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

23 अक्टूबर को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार

Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !