भोपाल, 28 अक्टूबर 2026: एक तो TIT कॉलेज के कांड लगातार सामने आ रहे हैं। दूसरा कॉकरोच जनता पार्टी के नॉरेटिव के कारण युवाओं में कानून का डर खत्म हो गया है। कॉलेज स्टूडेंट्स के बीच विवाद सामान्य बात है लेकिन हथियारों का उपयोग नहीं होता। इस मामले में एक पिस्टल लहराई गई। जब मौके पर मौजूद पुलिस जवान ने स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की तो कॉलेज स्टूडेंट ने पुलिस जवान को भी पिस्टल के टारगेट पर ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले कॉलेज के छात्र शिवांशु और पृथ्वीराज सिंह राजपूत के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान पृथ्वीराज के साथियों ने शिवांशु के साथ मारपीट की थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते पृथ्वीराज सिंह राजपूत अपने साथी राज राजपूत के साथ भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी चौराहे पर स्थित रेस्टोरेंट पहुंचा। आरोप है कि राज राजपूत के पास पिस्टल थी और वह शिवांशु को धमकाने की कोशिश कर रहा था।
रेस्टोरेंट में मौजूद पुलिस जवान पंकज डेहरिया ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए युवक को रोकने और विवाद शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान राज राजपूत ने जवान पर ही पिस्टल तान दी। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। फुटेज में दिखाई दे रहा घटनाक्रम पुलिस जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
ACP आदिति बी. सक्सेना के मुताबिक, TIT कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद चल रहा है। पृथ्वीराज सिंह अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा था और उसके हाथ में पिस्टल थी। मामले में मारपीट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। आरोपी के पकड़े जाने पर आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई जाएगी।

