मुख्यमंत्री कलेक्टरों से कहा: सावधान! मैं कभी भी आ सकता हूं, 3 कलेक्टरों को अल्टीमेटम, 12 को विशेष निर्देश

Updesh Awasthee
भोपाल | 21 अक्टूबर, 2026
: मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अब अपनी कार्यप्रणाली बदलते हुए दिखाई दे रहे हैं। आज उन्होंने मध्य प्रदेश के सभी कलेक्टरों से स्पष्ट कहा है कि, पब्लिक की प्रॉब्लम सॉल्व करो। हर शुक्रवार को मैं खुद अचानक किसी भी जिले में पहुंच जाऊंगा, जनता से मुलाकात करूंगा और जो अधिकारी जनता के प्रति सदभावना पूर्वक काम करता हुआ दिखाई नहीं देगा, उसके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सीएम ने तीन कलेक्टरों को अल्टीमेटम दिया है और 12 कलेक्टरों को विशेष निर्देश दिए।

पांच विभागों से जनता सबसे ज्यादा परेशान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से कलेक्टर्स-कमिश्नर्स, एसपी-आईजी की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन विश्वास अभियान अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन में सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले विभागों क्रमश: राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पीएचई के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल विभागीय स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।  

मध्य प्रदेश के कुछ कलेक्टर गंभीर नहीं है

समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ कलेक्टर इसमें पूरी गंभीरता से कार्य नहीं कर रहे हैं। यह बेहद आपत्तिजनक है। कलेक्टर्स मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में अपने प्रदर्शन में तत्काल सुधार लाएं। फील्ड में जाकर जनसमस्याओं का निराकरण करें। 

बेहतर कार्य करने वालों को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रजिस्ट्रेशन के अनुसार शीर्ष 3 उप-पंजीयकों क्रमश: श्री राजेश तिवारी (तहसीलदार रीवा), श्री संजय मसराम (तहसीलदार छिन्दवाड़ा) एवं श्री रणजीत कुशवाह (तहसीलदार शिवपुरी) को बधाई दी। रजिस्ट्रेशन के अनुसार शीर्ष 3 पटवारियों क्रमश: श्री जीतेंद्र शुक्ला (केवलारी सिवनी), श्री वीरेंद्र सिंह नरवरिया (मुंगावली, अशोकनगर) और श्री रूप सिंह यादव (डबरा, ग्वालियर) की प्रशंसा की। 

रीवा, शहडोल एवं धार के कलेक्टरों को अल्टीमेटम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शून्य प्रगति वाले हल्कों की जानकारी मिलने पर रीवा, शहडोल एवं धार जिला कलेक्टर को तत्काल प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए। मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने स्वामित्व योजना में न्यूनतम प्रगति वाले 10 जिलों के कलेक्टर्स पर सख्त नाराजगी व्यक्त कर फौरन सुधार लाने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन पटवारी हलकों में काम शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल काम प्रारंभ कराएं। 

मध्य प्रदेश के 12 कलेक्टरों को मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के 12 जिलों में अल्प वर्षा की जानकारी मिली है। संबंधित कलेक्टर्स यहां खेती-किसानी, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य प्रबंधन के लिए तत्काल विशेष कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि इन जिलों के जिन क्षेत्रों में न्यूनतम वर्षा हुई वहां विशेष ध्यान दें। बताया गया कि मध्यप्रदेश में सामान्य वर्षा 949 मिलीमीटर है, जबकि इस साल वास्तविक वर्षा 908.4 मिलीमीटर हुई है। इसमें 4 प्रतिशत का अंतर है। प्रदेश के 34 जिलों में इस वर्ष सामान्य वर्षा हुई है। प्रदेश के 12 जिलों क्रमश: आलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, उज्जैन, पांढुर्णा, शाजापुर, छिंदवाड़ा में सामान्य वर्षा से 19 प्रतिशत से कम वर्षा हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन जिलों के कलेक्टर्स से चर्चा कर सभी को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। 

मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष उपाय करें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मौसम परिवर्तन के कारण नागरिकों को होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिये विशेष उपाय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह नागरिक स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, सभी सावधानी बरतें। बताया गया कि मौसमी बीमारियों के लिए प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में विगत 15 अक्टूबर से चेस्ट क्लीनिक प्रारंभ किए गए हैं। मौसमी रोगों की पहचान एवं उपचार की भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बताया गया कि मौसम के परिवर्तन के साथ नागरिकों को खांसी, जुकाम, गले और सीने में दर्द की शिकायतें होती हैं। चेस्ट क्लीनिक में ऐसे ही मौसमी रोंगों की जांच कर यह देखा जाएगा कि कहीं यह गंभीर रोग तो नहीं है। 

दीपावली से पहले शहर चकाचक होना चाहिए

बैठक में वर्षा के बाद निर्माण कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा हुई। प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग ने बताया कि सड़कों की मरम्मत एवं अन्य निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इनमें नगरीय निकायों के अपूर्ण कामों को भी शामिल कर ‍लिया जाए और इन्हें तेजी से पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की आवश्यक मरम्मत का काम दीपावली से पहले पूरा करा लें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी प्रकार के भवन निर्माण कार्य भी तय समय सीमा में पूरे करने के लिए कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी कमियों को प्राथमिकता से दूर कर लिया जाए। 

समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) श्री नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव गृह श्री संजय कुमार शुक्ल, अपर मुख्य सचिव संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। वीसी में जिलों के कलेक्टर्स एवं एसपी ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी। रिपोर्ट: सिद्दीक//घनश्याम सिरसाम, एडिटर: उपदेश अवस्थी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!