भोपाल, मध्य प्रदेश | 13 अक्टूबर 2026: ब्लड प्रेशर को ज्यादातर लोग हल्के में लेते हैं और कई बार ब्लड प्रेशर की रेगुलर दवाई को अवॉयड कर देते हैं, लेकिन ऐसा करना जानलेवा हो सकता है। शहर में एक प्रॉपर्टी डीलर की सिर्फ डेढ़ मिनट में मौत हो गई क्योंकि वह ब्लड प्रेशर की रेगुलर दवाई लेना भूल गए थे।
रास्ते में अचानक तबियत बिगड़ गई थी
शैलेंद्र मालवीय प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। उसके दो बच्चे हैं। उसे ब्लड प्रेशर की बीमारी थी। परिजन ने बताया कि शैलेंद्र का एक मकान मंगलवारा में है जबकि अशोका गार्डन में दूसरा मकान बन रहा है। सोमवार को वह इसी मकान की तराई करने एक दोस्त के साथ गया था। लौटते समय मंडी इलाके में पुलिस चौकी के पास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। शैलेंद्र की नाक से खून आने लगा। घबराहट होने लगी। उसने दोस्त से गाड़ी साइड में लगाने को कहा। दोस्त ने उसे पानी पिलाया। थोड़ा आराम महसूस होने पर शैलेंद्र ने दोस्त से लक्ष्मी टॉकीज स्थित कपड़े की दुकान पर चलने को कहा। यह दुकान उसके रिश्तेदार की है।
दवाई काम करती इससे पहले ही मौत हो गई
दुकान में पहुंचकर शैलेंद्र कुर्सी पर बैठ गया। दोस्त को पर्चा देकर दवा मंगाई। टैबलेट मुंह में रखकर बोतल से पानी पीया। फिर तड़पने लगा। करीब 20 सेकेंड बाद वह कुर्सी से नीचे गिर पड़ा। घटनाक्रम इतना तेजी से हुआ कि करीब डेढ़ मिनट के भीतर उसकी मौत हो गई।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हनुमानगंज थाने के जांच अधिकारी राम सिंह ठाकुर ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण शैलेंद्र की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए थे। हालत में सुधार होने के बाद उसी दिन छुट्टी दे दी गई थी। ठाकुर के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट: सत्येन्द्र सरल।

