भोपाल, 20 अक्टूबर 2026 | नगरीय यातायात पुलिस भोपाल द्वारा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह को सुगम व सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन (Traffic Diversion Plan) और रूट एडवाइजरी जारी की गई है। 21 और 22 अक्टूबर को शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। यदि आप किसी दूसरे शहर से भोपाल आने वाले हैं या फिर भोपाल से किसी दूसरे शहर में जाने वाले हैं तो यह जानकारी आपके लिए बेहद उपयोगी है अन्यथा आपका काफी समय बर्बाद हो सकता है।
विसर्जन घाट और चल समारोह का टाइम टेबल
विसर्जन का समय व घाट: 21 अक्टूबर 2026 को प्रातः 09:00 बजे से प्रतिमाओं का विसर्जन प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ एवं हताईखेड़ा डेम पर प्रारंभ होगा।
मुख्य चल समारोह का मार्ग: मुख्य झांकियों का चल समारोह 21 अक्टूबर की रात्रि 20:00 बजे से भारत टॉकीज तिराहा से प्रारंभ होगा। यह सेन्ट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मण्डी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क से होकर कमलापति घाट पर समाप्त होगा।
प्रेमपुरा घाट मार्ग: कुछ झांकियां पॉलिटेक्निक चौराहे से डिपो चौराहा, 25वीं वाहिनी के सामने भदभदा तिराहा होकर प्रेमपुरा घाट विसर्जन हेतु जाएंगी।
भारी वाहनों पर 24 घंटे की नो-एंट्री
प्रतिबंध अवधि: 21 अक्टूबर 2026 प्रातः 08:00 बजे से जुलूस समापन तक (अर्थात 22 अक्टूबर 2026 प्रातः 08:00 बजे तक) शहर में सभी अनुमति प्राप्त व बिना अनुमति प्राप्त भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
आउटर कट-ऑफ पॉइंट: भारी वाहन खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लाम्बाखेड़ा चौराहा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला चौराहा, पटेल नगर, 11 मील, रातीबढ़, लालघाटी, नरसिंहगढ़ तिराहा, एयरपोर्ट चौराहा, करौंद चौराहा, भानपुर चौराहा और रत्नागिरि से आगे शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
सिटी ट्रैफिक और कमर्शियल वाहनों पर प्रतिबंध
सिटी बस व 4-व्हीलर बैन: 21 अक्टूबर को शाम 17:00 बजे से भारत टॉकीज चौराहा, अल्पना तिराहे, नादरा बस स्टैण्ड चौराहा एवं भोपाल टॉकीज चौराहे के मध्य सभी प्रकार के सिटी बस, मैजिक व चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
पुराना भोपाल व बाजार क्षेत्र: शाम 18:00 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी तिराहा, पुरानी सब्जी मण्डी की ओर से कोई भी वाहन घोड़ा नक्कास व बस स्टैण्ड की ओर नहीं जा सकेगा।
झांकियों की लाइन-अप व्यवस्था: नादरा बस स्टैण्ड चौराहे से भारत टॉकीज के मध्य प्रतिमाएं कतारबद्ध होंगी। इस दौरान भोपाल टॉकीज चौराहे से नादरा बस स्टैण्ड, सपना लॉज तिराहा से नादरा बस स्टैण्ड और अल्पना तिराहे से नादरा बस स्टैण्ड की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
फेज़-वाइज़ डायवर्जन व ऑल्टरनेटिव रूट्स
भोपाल टॉकीज व अल्पना तिराहा: रात्रि 20:00 बजे तीन मोहरा से भोपाल टॉकीज जाने वाले वाहन इस्लामी गेट, सिंधी कालोनी चौराहा होते हुए अग्रवाल धर्मशाला के समानान्तर मार्ग का उपयोग करेंगे। अल्पना टॉकीज से नादरा जाने वाले वाहन संगम टॉकीज तिराहा या समानान्तर मार्ग से अग्रवाल धर्मशाला की ओर जा सकेंगे।
मंगलवारा, जुमेराती व रेतघाट क्षेत्र: चल समारोह के मंगलवारा पहुंचने पर सेन्ट्रल लाइब्रेरी, छावनी रोड व बुधवारा से इतवारा की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
जुमेराती पहुंचने पर रॉयल मार्केट से पीरगेट (भवानी चौक) की ओर जाना बंद रहेगा।
रेतघाट पहुंचने पर करबला से रेतघाट और पॉलिटेक्निक से कमला पार्क की ओर प्रवेश बंद रहेगा। ये वाहन रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, थाना शाहजहानाबाद, भोपाल टॉकीज, हमिदिया रोड व नादरा बस स्टैण्ड होकर आवागमन करेंगे।
भारत माता चौराहा: जुलूस भारत माता चौराहा आने पर भदभदा नए पुल से सिटी डिपो की ओर ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन IIFM नेहरू नगर चौराहा व MACT चौराहे से डायवर्ट होंगे।
बैरागढ़ विसर्जन मार्ग: बैरागढ़ व खजूरी की प्रतिमाएं BRTS कॉरिडोर के आगे सीहोर रोड विसर्जन स्थल बैरागढ़ पर विसर्जित होंगी। इंदौर/देवास से आने वाले वाहन लालघाटी, नरसिंहगढ़ तिराहा, गांधीनगर, एयरपोर्ट तिराहा, मुबारकपुर नया बायपास, भौंरी होकर निकलेंगे; वहीं शहर से इंदौर/सीहोर जाने वाले वाहन झागरिया, रातीबढ़, नीलबढ़ व भदभदा चौराहे का मार्ग लेंगे।
भारत टॉकीज से रोशनपुरा-प्रेमपुरा रूट: भारत टॉकीज पर एकत्र प्रतिमाओं में से कुछ प्रतिमाएं सुल्तानिया जनाना अस्पताल, काली मंदिर तलैया, पुल पुख्ता, लिली टॉकीज चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम, रोशनपुरा, जवाहर चौक, डिपो चौराहा होकर प्रेमपुरा घाट पहुंचेंगी।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी
रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म 1): भारत टॉकीज चौराहे की ओर रास्ता बंद रहेगा। नए शहर से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले पैसेंजर्स एमपी नगर, न्यू मार्केट से अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर आर.ओ.बी., मैदा मिल का रूट चुन सकते हैं।
बोगदा पुल व कंट्रोल रूम डायवर्जन: बोगदा पुल से भारत टॉकीज की ओर आवागमन बंद रहेगा (प्रभात चौराहा व 80 फीट रोड से जाएं)। रोशनपुरा/कंट्रोल रूम से भारत टॉकीज जाने वाले वाहन अपेक्स बैंक, लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, मैदा मिल, सुभाष नगर ओवरब्रिज होकर आवागमन करेंगे।
एयरपोर्ट पैसेंजर्स (मध्यरात्रि 02:00 बजे के बाद): 21/22 अक्टूबर की मध्यरात्रि 02:00 बजे के बाद जब चल समारोह रेतघाट पहुंचेगा, तब पॉलिटैक्निक से VIP रोड का मार्ग बंद हो जाएगा। एयरपोर्ट जाने वाले वाहन लिंक रोड नंबर-1, अम्बेडकर बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, सुभाष नगर, प्रभात चौराहा, 80 फीट रोड या बोगदा पुल से भारत टॉकीज अथवा रोशनपुरा, पुलिस कंट्रोल रूम, पीएचक्यू, लिली तिराहा, तलैया, हमिदिया रोड, तीन मोहरा, रॉयल मार्केट, लालघाटी होकर जा सकेंगे।
पैसेंजर बसों के लिए डायवर्जन व नए टर्मिनल्स
इंदौर व सीहोर बसें: खजूरी/मुबारकपुर बायपास से होकर हलालपुर बस स्टैण्ड पर समाप्त होंगी (शहर के अंदर प्रवेश वर्जित रहेगा)।
ISBT संचालित बसें: प्रभात गोविन्दपुरा तिराहा, प्रभात चौराहा व भारत टॉकीज की ओर प्रतिबंधित रहेंगी; ये बसें होशंगाबाद रोड बायपास मार्ग का उपयोग करेंगी।
गुना व ग्वालियर बसें: हलालपुर बस स्टैण्ड पर ही समाप्त होंगी (लालघाटी से आगे रॉयल मार्केट की ओर प्रतिबंधित)।
बैरसिया बसें: बेस्ट प्राइस तिराहा पर यात्रा समाप्त करेंगी।
लॉन्ग-डिस्टेंस बायपास बसें: होशंगाबाद, बैतूल, छिंदवाड़ा, सागर, पन्ना, छतरपुर से इंदौर, गुना, ग्वालियर जाने वाली बसें बायपास मार्ग का प्रयोग करेंगी।
हेल्पलाइन नंबर और पुलिस की अपील
नगरीय यातायात पुलिस भोपाल ने सभी नागरिकों से परिवर्तित मार्गों (Diverted Routes) का उपयोग करने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात हेल्पलाइन नंबर: 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।

