इंदौर, 22 अक्टूबर 2026: लोकायुक्त में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है जबकि लोकायुक्त की टीम द्वारा, BEO के आदेश पर रिश्वत की वसूली कर रहे क्लर्क को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह लोग किसी गलत काम को सही या किसी कार्रवाई को नजरअंदाज करने के लिए नहीं बल्कि एक कर्मचारी को उसका बकाया वेतन देने के बदले में रिश्वत ले रहे थे।
छात्रावास अधीक्षक धूम सिंह सिंगाड़ की शिकायत पर हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता (श्री धूम सिंह पिता पुन सिंह सिंगाड़, अधीक्षक, शासकीय बालक छात्रावास, सेमलिया बड़ी, झाबुआ) द्वारा लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर शिकायत की थी कि आवेदक की निलंबन अवधि के 8 माह के वेतन करीब 2,30,000/-₹ निकालने के बिल पास करने के एवज में 10,000/- की मांग अनावेदक (जय नारायण बैरागी, विकास खंड शिक्षा अधिकारी, झाबुआ) द्वारा की जा रही है। शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त संभाग इंदौर के पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय के द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाया गया।
BEO जयनारायण बैरागी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज
शिकायत सही पाये जाने पर आज दिनांक 22.10.2026 को आरोपी के विरूद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 एवं 61 (2) बीएनएस 2023 के अन्तर्गत अपराध पंजीबद्ध कर ट्रैप की रणनीति तैयार की गई।
पवन सिंह बिलवाल सहायक ग्रेड 3, रिश्वत लेते गिरफ्तार
प्लान के अनुसार शिकायतकर्ता को केमिकल युक्त ₹10000 के नोट देकर रिश्वत अदा करने के लिए भेजा गया। लोकायुक्त पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में मौजूद थी। BEO जयनारायण बैरागी ने रिश्वत की रकम अपने ऑफिस में क्लर्क (सहायक ग्रेड 3 पवन सिंह बिलवाल) को देने के लिए कहा। पवन सिंह को पहले से मालूम था कि रिश्वत का ₹10000 प्राप्त करना है। जैसे ही उसने शिक्षक से ₹10000 रिश्वत की रकम प्राप्त की, मौके पर मौजूद लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसको पकड़ लिया।
ट्रैप दल सदस्य- निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक विजय, विवेक मिश्रा, आरक्षक आदित्य भदौरिया, कमलेश, पवन पटोरिया।
इंदौर संभाग में रिश्वतखोरी की शिकायत यहां करें
विशेष नोट लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की इंदौर रांगाग में किसी भी अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की मांग करने पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर एवं दूरभाष पर भी सम्पर्क कर सकते है।
कार्यालय - पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर संभाग इंदौर
पता मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर -452007
दूरभाष 0731-2533160, 0731-2430100


.webp)
.webp)