UPS जिसे केन्द्रीय कर्मचारियों ने किया अस्वीकार उसे मध्यप्रदेश में लाने की तैयारी

Updesh Awasthee
केन्द्र सरकार द्वारा 1 अप्रैल 2025 से घोषित एकीकृत पेंशन योजना अर्थात यूपीएस को मध्यप्रदेश में लाने की तैयारी हो रही है। मध्यप्रदेश सरकार की मंशा है कि राज्य के चार लाख पचास हजार कर्मचारी जो नेशनल पेंशन स्कीम के दायरे में आता है और बेहद असंतुष्ट हैं उसे एकीकृत पेंशन योजना में लाकर सेवानिवृत्ति पर निश्चित पेंशन का भरोसा देकर संतुष्ट किया जाए। 

नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) लागू करते समय केन्द्र सरकार ने कर्मचारियों को जो भरोसा दिया था उस भरोसे पर यह पेंशन स्कीम खरी नहीं उतरी। नेशनल पेंशन स्कीम शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव के ख़तरों के अधीन है। व्यवहार में देखने में आया की इस पेंशन स्कीम के दायरे में आने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी को अत्यंत न्यून राशि पेंशन के रुप में प्राप्त हो रही है। अधिकांश मामलों में यह राशि मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन से भी कम प्राप्त हो रही है। जिससे सरलता पूर्वक जीवन यापन तो दूर की बात है वृद्धावस्था की मामूली सी बिमारी खांसी-जुकाम, बुखार, हाथ-पैर दर्द का ईलाज भी नहीं किया जा सकता है। मध्यप्रदेश का नेशनल पेंशन स्कीम धारी कर्मचारी विगत दस वर्षों से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहा है। जिस एकीकृत पेंशन स्कीम को केन्द्रीय कर्मचारी नकार चुका है क्या मध्यप्रदेश का कर्मचारी उसे स्वीकार कर लेगा?

मध्यप्रदेश के चार लाख पचास हजार कर्मचारियों में लगभग तीन लाख कर्मचारी नवीन शिक्षक संवर्ग का है। जिनकी वर्तमान में सेवा अवधि की गणना 1 जुलाई 2018 से हो रही है। एकीकृत पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए न्युनतम 10 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण किया जाना जरूरी है। 1997 में नियुक्त गुरुजी, 1998-99 में नियुक्त शिक्षाकर्मी, 2001-03 में नियुक्त संविदा शाला शिक्षकों में से अधिकांश 10 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण किए बिना सेवानिवृत्त हो जायेगा। जिसे प्रदेश में संभावित एकीकृत पेंशन योजना का लाभ ही नहीं मिल पायेगा और शेष बाद में नियुक्त नवीन शिक्षक संवर्ग को आंशिक लाभ ही मिल पायेगा। नवीन शिक्षक संवर्ग को एकीकृत पेंशन योजना का पूरा लाभ मिले इसलिए जरूरी है कि सरकार सबसे पहले सेवाकालीन और सेवानिवृत्ति स्वत्वों के लिए प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना का आदेश प्रसारित करें और सेवा आधारित लाभों के लिए पात्र घोषित करें।

केन्द्रीय कर्मचारियों द्वारा एकीकृत पेंशन योजना को अस्वीकार करने के कारण भी महत्वपूर्ण है। पुरानी पेंशन योजना में कुल अंतिम वेतन का अधिकतम 50 प्रतिशत पेंशन देने का प्रावधान है जबकि एकीकृत पेंशन योजना में अंतिम 12 माह के मूल वेतन के औसत के अधिकतम 50 प्रतिशत पेंशन के रूप में देय होगा जिसके लिए 25 वर्ष की सेवा पूर्ण किया जाना आवश्यक होगा। पुरानी पेंशन योजना में सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खाता खोला जाता है जिसमें कर्मचारी की जमा राशि पर ब्याज की उच्च दर दी जाती है और सेवानिवृत्ति पर जमा पूरी राशि ब्याज सहित कर्मचारी को लौटा दी जाती है। 

एकीकृत पेंशन योजना में कर्मचारी के कुल वेतन का 10 प्रतिशत अंशदान और सरकार का 18.5 प्रतिशत अंशदान पीएफआरडीए के खाते में जमा होगा लेकिन सेवानिवृत्ति पर कर्मचारी को यह राशि वापस नहीं की जायेगी। इसके बदले एकमुश्त राशि दिए जाने का प्रावधान है जो अंतिम छ: माह के वेतन औसत का 10 प्रतिशत पूर्ण की गई सेवा के प्रत्येक छः माह के लिए एक किस्त के रूप में होगी। जिससे कर्मचारी को बहुत कम राशि सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त प्राप्त हो पायेगी। पुरानी पेंशन योजना में नियमानुसार कर्मचारी के सेवा काल या सेवानिवृत्ति उपरांत दिवंगत होने की स्थिति में आश्रित परिवार के सदस्य के लिए पारिवारिक पेंशन का प्रावधान है। 

एकीकृत पेंशन योजना में कर्मचारी के निर्धारित पेंशन का 60 प्रतिशत पेंशन ही आश्रित परिवार के सदस्य को देय होगी। एकीकृत पेंशन योजना में 10 वर्ष से कम सेवा अवधि होने पर प्रावधानों का उल्लेख नहीं है जिससे कर्मचारियों का संदेह इस योजना के प्रति और भी ज्यादा है। ऐसे ही अनेक कारण हैं जिसके कारण केन्द्रीय कर्मचारियों ने एकीकृत पेंशन योजना से मुंह मोड़ रखा है और लगातार पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहा है। कर्मचारी को सेवानिवृत्ति पर सामाजिक सुरक्षा देना किसी भी सरकार का संवैधानिक दायित्व है। जिस एकीकृत पेंशन योजना को केन्द्रीय कर्मचारी अस्वीकार कर चुका है, उसे मध्यप्रदेश का कर्मचारी स्वीकार कर लें यह चमत्कार ही होगा।
विचारक एवं लेखक: रमेश पाटिल, वरिष्ठ अध्यापक।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!