धार में आदिवासी परिवार ने विधायक की जमीन पर कब्जा कर लिया, हटाने गई पुलिस पर हमला कर दिया

Updesh Awasthee
धार, 7 मार्च 2026
: ऐतिहासिक और सामाजिक रूप से वंचित वर्ग अब मध्य प्रदेश में काफी पावरफुल हो गया है। एक आदिवासी परिवार ने धामनोद में विधायक कालू सिंह ठाकुर की जमीन पर कब्जा कर लिया। कोर्ट के आदेश पर जब पुलिस अतिक्रमण हटाने गई, तो आदिवासी परिवार ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर हमला कर दिया। धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गए। ठाकरे को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। 

Dhar: Tribal Family Occupies MLA’s Land, Attacks Police Team 

शनिवार सुबह करीब 10 बजे सिरसोदिया में तहसीलदार कुणाल अवासिया, नायब तहसीलदार कृष्णा पटेल, धामनोद एसडीओपी मोनिका सिंह, थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे और पटवारी राहुल ठाकुर सहित करीबन 25 लोगों की टीम शासकीय जमीन पर अवैध रूप से बने मकान को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। अवैध रूप से बना हुआ यह मकान एक आदिवासी परिवार का है। उनके मकान का 75% हिस्सा विधायक कालू सिंह के परिवार की जमीन पर और 25% हिस्सा किसी और की जमीन पर आता है। 

आरोप है कि सिरसोदिया गांव के संतोष पिता नेवा और निमा बाई पति मोहन भील ने इस जमीन के करीब ढाई हजार वर्गफीट हिस्से पर अतिक्रमण कर मकान बना लिया था। उनका कहना है कि वे पिछले करीब 50 साल से इसी जगह पर रह रहे हैं, लेकिन वह अपने दावे को प्रमाणित नहीं कर पाए। जिला प्रशासन द्वारा की गई सीमांकन की कार्रवाई में अतिक्रमण पाया गया। राजस्व न्यायालय द्वारा धारा 250 के तहत निजी जमीन पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाने के आदेश जारी किए। आदिवासी परिवार द्वारा इस फैसले के खिलाफ अपील की गई परंतु सिविल कोर्ट द्वारा उनकी अपील को खारिज कर दिया गया। 

कुल मिलाकर लगभग दो बीघा जमीन है। यह जमीन पटवारी हल्का नंबर 14 के सर्वे नंबर 99 में आती है। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार यह जमीन अनिल पिता कांजी, धर्मेंद्र पिता कांजी, अनीता पिता कांजी और ललिता कांजी के नाम दर्ज है।

न्यायालय के आदेश पर धारा 250 के तहत कार्रवाई करने के लिए, शनिवार को नायब तहसीलदार कृष्णा पटेल के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान संतोष और उनके समर्थकों ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में महिलाएं भी शामिल थीं।

इस घटना में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आठ महिलाओं को अभिरक्षा में लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर अतिक्रमण करने वाले पक्ष के समर्थन में जयस और कांग्रेस के कुछ नेता भी मौके पर पहुंच गए।

फिलहाल मौके पर एएसपी विजय डावर, मनावर एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसडीओपी ब्रजेश मालवीय, एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह और धरमपुरी थाना प्रभारी संतोष यादव सहित 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!