भोपाल, 21 फरवरी 2026: राजगढ़ के एक स्कूल टीचर ने 12वीं में पढ़ने वाले अपने बेटे को कार दिला दी और लड़के ने ऐसे खतरनाक स्टंट करना शुरू कर दिया, जिससे उसकी खुद की और सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान को खतरा हो गया। भोपाल में जब यह वीडियो पत्रकारों तक पहुंचा तो पुलिस एक्टिव हो गई और लड़के को गिरफ्तार करके कार को भी जप्त कर लिया गया।
जब पत्रकारों ने पूछा तो पुलिस ने कार्रवाई की
हबीबगंज थाना क्षेत्र के पॉश इलाके चार इमली में 12वीं के छात्र का चलती कार पर खतरनाक स्टंट करते वीडियो सामने आया है। वीडियो 6 फरवरी का बताया जा रहा है। अफसरों के इलाके में हुई इस घटना की जानकारी पुलिस को गुरुवार को मिली, जब वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ और Vistaar News ने इसकी और पुलिस का ध्यान दिलाया। इसके बाद पुलिस ने छात्र को गिरफ्तार कर लिया।
ड्राइविंग सीट छोड़कर छत पर खड़ा हो गया था
आरोपी नाबालिग छात्र बागसेवनिया की स्टर्लिंग कॉलोनी का निवासी है। उसके पिता राजगढ़ में टीचर हैं। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपी का पता निकाला। घर पहुंचकर वीडियो से कार और छात्र का मिलान किया गया, फिर उसे हबीबगंज थाने लाया गया। वीडियो में छात्र पहले कार चलाते दिखता है। फिर चलती कार का गेट खोलकर नीचे उतरता है। वह दौड़कर कार तक पहुंचता है, गेट पकड़कर खड़ा होता है और छत पर चढ़ जाता है। इस दौरान ड्राइविंग सीट खाली रहती है।
पुलिस ने कार जब्त कर बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रॉब्लम क्या है और सॉल्व कैसे होगी
इस तरह के मामलों में प्रॉब्लम यह नहीं है कि बच्चे मनमानी कर रहे हैं बल्कि प्रॉब्लम ही है कि पैरंट्स के पास बहुत पैसा है। वह बच्चों की हर डिमांड पूरी कर रहे हैं और उनको कंट्रोल करने की जिम्मेदारी पुलिस को सौंप दी गई है। भोपाल की सड़कों पर इस तरह के स्टंट हर रोज होते हैं, और दर्जनों की संख्या में होते हैं। पेरेंट्स पैसा कमा रहे हैं, अब उनसे उम्मीद करना मुश्किल है। इस तरह की स्थिति को कंट्रोल करने के लिए सरकार को ट्रैफिक पुलिस में भर्ती बढ़ानी होगी।

.webp)