GWALIOR सरकारी अस्पताल में कोरोना पीड़ित महिला की हत्या का प्रयास - MP NEWS

ग्वालियर। अस्पतालों में कोरोनावायरस से पीड़ित मरीजों की हत्या की जा रही है। ताजा खबर मुरार सरकारी अस्पताल से आ रही है। 2 वार्ड बॉय ने एक महिला की ऑक्सीजन पाइप निकाल दी ताकि उसकी मौत हो जाए और महिला के स्वर्ण आभूषण चोरी किए जा सके। ऑक्सीजन का पाइप निकालते हुए और कान के टॉप्स लेकर भागते हुए, पीड़ित महिला के बेटे ने ना केवल दोनों को देखा बल्कि रोकने की कोशिश भी की परंतु दोनों फरार हो गए।

अस्पताल में भर्ती मां को खिड़की से देखता रहता था

शहर के गुढ़ा निवासी 49 वर्षीय पूनम वीरे कुछ दिन से बीमार थीं। 8 दिन पहले उनका कोविड टेस्ट कराया था। इसमें वह संक्रमित निकली थीं। वायरस से उनके किडनी और लीवर में संक्रमण हो गया था। डॉक्टर ने भी उनकी स्थिति गंभीर बताकर कुछ ही दिन की जिंदगी बताई थी। इसके बाद बेटे दीपक वीरे ने उन्हें मुरार जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कराया था। मां की देखभाल के लिए दीपक अस्पताल के बाहर ही बैठा रहता था। खिड़की से मां को देखता रहता था।

आधीरात में वार्ड बॉय आए, कान के टॉप्स निकाले, फिर ऑक्सीजन पाइप हटा दिया

रविवार रात 11.15 बजे दीपक टॉयलेट के लिए गए। इसी बीच, वहां दो वार्ड बॉय राहुल और सोनू पहुंचे। जब दीपक लौटकर आया, तो देखा कि यह दोनों उसकी मां को लगे ऑक्सीजन का पाइप निकाल रहे हैं। शोर मचाते हुए दीपक ने उन्हें पकड़ा, लेकिन दोनों उसे धक्का देकर भाग गए। जब दीपक मां के पास पहुंचा तो देखा कि उनके कान के टॉप्स भी नहीं हैं। तत्काल डॉक्टरों को सूचना दी। डॉक्टरों ने ऑक्सीजन पाइप वापस लगाई। रात से ही वार्ड बॉय गायब हैं।

दोनों वार्डबॉय फरार, पुलिस इन्वेस्टिगेशन शुरू

इसके बाद रात को ही दीपक ने हंगामा किया। किसी तरह डॉक्टरों ने उन्हें शांत किया, लेकिन सुबह कार्रवाई नहीं होने पर दीपक ने फिर हंगामा किया। इस पर मुरार थाना पुलिस पहुंच गई। दीपक पुलिस के साथ थाने पहुंचे और यहां पूरी बात बताई। तत्काल डॉक्टरों को जिला अस्पताल से थाने बुलवाया। पुलिस ने आरोपों पर जांच शुरू कर दी है। वॉर्ड बॉय राहुल और सोनू अभी तक नहीं मिले हैं। इसी अस्पताल में वार्ड बॉय का भाई भी कर्मचारी है, उसे पुलिस ने निगरानी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

10 मई को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !