भोपाल, 20 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से बड़े पैमाने पर छत्तीसगढ़ में पनीर की सप्लाई की जा रही है। इसमें असली और नकली दोनों पनीर शामिल है। खैरागढ़ पुलिस ने 15 क्विंटल पनीर से भरे हुए एक वाहन को पकड़ा है। पुलिस का कहना है कि इसमें नकली पनीर भरा हुआ है और यह वाहन द माखन डेयरी भोपाल से रायपुर जा रहा था।
The Makhan Dairy Kalapani - Bhopal
खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के साल्हेवारा थाना के सामने पुलिस चेकपोस्ट पर डीआई वाहन क्रमांक MP04 WC 8386 द माखन डेयरी, कालापानी भोपाल से 50-50 किलो के 30 बॉक्स में कुल 15 क्विंटल पनीर लेकर श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर जा रहा था। गुरुवार शाम करीब 6 बजे साल्हेवारा थाने के सामने रूटीन पुलिस चेकपोस्ट पर तैनात जवानों ने वाहन को जांच के लिए रुकवाया। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में पनीर मिलने पर पुलिस ने तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वाहन को खैरागढ़ जिला मुख्यालय लाया गया, जहां खाद्य विभाग के अधिकारियों ने पनीर की जांच की।
बॉक्स पर वाइट लेवल था: प्रोडक्शन और एक्सपायरी डेट भी नहीं थी
जांच के दौरान पनीर के बॉक्स पर न तो बैच नंबर अंकित मिला और न ही विनिर्माण और एक्सपायरी डेट की जानकारी थी। वाहन चालक शिशुपाल मीणा भी पनीर के संबंध में कोई स्पष्ट दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पनीर को एनालॉग पनीर मानते हुए अपने कब्जे में लिया और विधिक नमूना संग्रहित किया। वाहन चालक ने पूछताछ में बताया कि वह इससे पहले भी दो से तीन बार इसी फर्म को पनीर पहुंचा चुका है।
वाहन और पनीर जब्त, जांच के लिए भेजा जाएगा नमूना
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि पनीर और वाहन दोनों को कब्जे में ले लिया गया है। पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही एनालॉग पनीर को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। नमूने की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है।
एनालॉग पनीर क्या है, कैसे बनता है
एनालॉग पनीर को कृत्रिम पनीर के रूप में जाना जाता है। यह ऐसा पनीर होता है जो डेयरी प्रोडक्ट (दूध) से नहीं बनता बल्कि पाम ऑयल, डालडा, दूध पाउडर, सोया को मिलाकर बनाया जाता है। एनालॉग पनीर स्वास्थ्य के लिए बहुत ज्यादा हानिकारक बताया जाता है। एनालॉग पनीर छत्तीसगढ़ में पूरी तरीके से प्रतिबंध लग चुका है। एनालॉग पनीर के दुष्प्रभाव को देखते हुए कई राज्यों ने भी इस पर बैन भी लगा दिया।

.webp)
