भोपाल, 20 नवंबर 2026: सिवनी जिले के एडिशनल एसपी पद से सस्पेंड किए गए मध्य प्रदेश राज्य सेवा पुलिस के अधिकारी श्री दीपक मिश्रा की वर्दी पर एक और दाग लगा है। इस बार एक महिला सरकारी कर्मचारी ने वीडियो जारी करके मिश्रा जी पर बाद गंभीर आरोप लगाया है। दरअसल, मिश्रा जी पुलिस इंस्पेक्टर से प्रमोट होकर एडिशनल एसपी बने हैं। प्रमोशन के बाद वह मध्य प्रदेश राज्य पुलिस सेवा में शामिल तो हो गए लेकिन उनके अंदर टीआई अभी तक नहीं गया। इसके कारण ही सस्पेंड हो गए हैं।
सिवनी जिले की महिला कर्मचारी का वीडियो
युवती नवविवाहिता है और सरकारी कर्मचारी है। उसने 18 मई 2026 को पुलिस मुख्यालय में छह पेज का शिकायती आवेदन देकर मामले की जांच और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी। वीडियो में युवती ने एएसपी दीपक मिश्रा, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर और एसडीओपी पर आरोप लगाए हैं। महिला थाने की टीआई संदीपिका ठाकुर ने मुझसे रात 12 बजे कहा कि तुम पर्सनली एएसपी मिश्रा साहब के बंगले पर जाकर क्यों नहीं मिल लेती? वहां सब ठीक हो जाएगा।
मैंने मना कर दिया तो उसी रात वह मुझे एएसपी मिश्रा के चैंबर में लेकर गई। उस दौरान कोतवाली टीआई सतीश तिवारी और वकील प्रमोद सोनी भी वहां मौजूद थे। एएसपी के चैंबर में मुझे रात 12:10 बजे तक बैठाकर रखा गया। वहां किसी को मेरे जिस्म की भूख थी और किसी को पैसों की। उन सबने मिलकर मेरे साथ ब्लैकमेलिंग की कहानी बनाई।
चोरी की शिकायत को यौन शोषण के मामले में बदलने का आरोप
युवती के मुताबिक, अप्रैल 2026 में उसे घर की अलमारी से 2 लाख 63 हजार रुपए नकद और सोने के जेवर गायब मिले। इनमें 21.300 ग्राम की सोने की चेन, 19.280 ग्राम की एक अंगूठी और 5.350 ग्राम की दूसरी अंगूठी शामिल थी। युवती ने अपने परिचित फिरोज पर जेवर चोरी करने और धोखाधड़ी से 25 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया। उसका दावा है कि फिरोज ने उसे 25 लाख रुपए का चेक भी दिया था। युवती ने आवेदन में बताया कि फिरोज ने उसकी ज्वेलरी सतीश नाहटा के यहां बेचने की बात कही थी। इस संबंध में उसने वीडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।
23 अप्रैल को एएसपी से मिलने पहुंची थी
युवती के आवेदन के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को वह शिकायत लेकर तत्कालीन एएसपी दीपक मिश्रा के कार्यालय पहुंची थी। उसने उन्हें पूरी जानकारी देकर आवेदन सौंपा। युवती का आरोप है कि एएसपी ने आवेदन में दम नहीं होने की बात कहते हुए नया आवेदन तैयार करने को कहा।
इसके बाद 25 अप्रैल को उसे एएसपी के घर बुलाया गया। वहां एडवोकेट प्रमोद सोनी के साथ बातचीत हुई। युवती का आरोप है कि उस पर फिरोज के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत करने का दबाव बनाया गया, जबकि उसके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी।
युवती का कहना है कि उसने इस तरह की शिकायत करने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद बाद में उसके नाम से नया आवेदन तैयार किया गया, जिसमें तीन अन्य लोगों को भी आरोपी बना दिया गया। युवती का आरोप है कि उसकी मूल शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे दूसरे मामले में उलझा दिया गया।
महिला टीआई की शिकायत, फिर उन्हीं ने बयान के लिए बुलाया
युवती ने वीडियो में कहा कि उसने महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी। इसके बावजूद वही उन्हें नोटिस भेजकर बयान दर्ज कराने के लिए बुला रही थीं।
युवती ने रोते हुए कहा कि उसे बहुत परेशान किया गया है। उसने चेतावनी दी कि यदि संबंधित पुलिस अधिकारियों को सिवनी से नहीं हटाया गया तो वह अपनी जान दे देगी। उसने दावा किया कि उसके जैसी कई अन्य लड़कियां भी इन अधिकारियों से परेशान हैं।
महिला टीआई बोलीं- आरोप झूठे, जांच में बेबुनियाद मिले
महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर ने आरोपों को झूठा बताया। उनका कहना है कि युवती देर रात तक एएसपी कार्यालय में इसलिए रुकी थी, क्योंकि वह अपनी पूरी आपबीती सुना रही थी। डीजीपी को दी गई शिकायत की जांच में भी आरोप बेबुनियाद मिले हैं।
एडवोकेट प्रमोद सोनी ने कहा कि मामले की जांच सीआईडी कर चुकी है। जांच में शिकायत झूठी पाई गई थी। उन्होंने कहा कि शिकायत छह महीने पुरानी है, इसलिए अब इस पर कुछ नहीं कहना चाहते।

.webp)