धर्म एवं ज्योतिष न्यूज़ डेस्क, 16 नवंबर 2026: आकाशमंडल में ग्रहों की चाल और उनका राशि परिवर्तन संपूर्ण ब्रह्मांड व मानव जीवन को गहरे रूप से प्रभावित करता है। ज्योतिष के महर्षि पराशर के सिद्धांतों के अनुसार, जब ग्रहों के सेनापति मंगल की राशि (वृश्चिक) में ग्रहों के राजा सूर्य का प्रवेश होता है, तो एक अद्वितीय खगोलीय और ज्योतिषीय समीकरण बनता है। 17 नवंबर को सूर्य देव के वृश्चिक राशि में गोचर (जो 16 दिसंबर तक रहेगा) के साथ ही, यदि मंगल भी इसी अवधि में सूर्य की राशि (सिंह) में विराजमान हों, तो एक अत्यंत शक्तिशाली और ओजस्वी ‘क्षेत्र-परिवर्तन राजयोग’ का निर्माण होता है।
कैरियर, वित्त, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत जीवन में अप्रत्याशित बदलाव
यह एक मास (17 नवंबर से 16 दिसंबर) की यह विशेष अवधि केवल एक साधारण गोचर मात्र नहीं है, बल्कि दो सबसे बड़े अग्नि-तत्व ग्रहों (सूर्य (आत्मा, यश, प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व) और मंगल (ऊर्जा, पराक्रम, भूमि और साहस)) की परस्पर ऊर्जा का महा-संगम है। चूंकि दोनों ग्रह नैसर्गिक मित्र हैं, इसलिए यह गोचर काल सभी 12 राशियों के लिए कैरियर, वित्त, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत जीवन में अप्रत्याशित बदलाव, ऊर्जा और उपलब्धियों के द्वार खोलने वाला सिद्ध होगा।
इस एक महीने (17 नवंबर से 16 दिसंबर) के दौरान सभी 12 राशियों पर प्रभाव
1. मेष राशि (Aries):पंचम व अष्टम भाव का परिवर्तन: गुप्त विद्याओं, शोध और तीक्ष्ण बौद्धिक क्षमता का विकास होगा। अचानक धन लाभ के योग बनेंगे, किंतु उदर (पेट) विकार और संतान को लेकर जल्दबाज़ी से बचें।
2. वृष राशि (Taurus):चतुर्थ व सप्तम भाव का परिवर्तन: अचल संपत्ति, भूमि, भवन व वाहन खरीदारी के श्रेष्ठ योग बनेंगे। जीवनसाथी या व्यापारिक साझीदार के सहयोग से परिवार की संपत्ति और सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी।
3. मिथुन राशि (Gemini):तृतीय व षष्ठ भाव का परिवर्तन: 'शत्रुहंता व पराक्रम योग'। साहसिक प्रयासों, कानून, सेना, प्रतियोगिता परीक्षाओं और खेलकूद से जुड़े लोगों को अभूतपूर्व सफलता मिलेगी।
4. कर्क राशि (Cancer):द्वितीय व पंचम भाव का परिवर्तन: प्रबल धन योग। बौद्धिक निवेश, शिक्षा और व्यापार से धन संचय में भारी उछाल आएगा। वाणी में ओज और परिवार में साख बढ़ेगी।
5. सिंह राशि (Leo):प्रथम/लग्न व चतुर्थ भाव का परिवर्तन: केन्द्र-त्रिकोण राजयोग। समाज में मान-प्रतिष्ठा, प्रशासनिक अधिकार, गृह-सुख और ओजस्वी नेतृत्व क्षमता प्राप्त होगी।
6. कन्या राशि (Virgo):द्वादश व तृतीय भाव का परिवर्तन: विदेश यात्रा, साहसिक शोध व प्रकाशन संबंधी कार्यों में सफलता मिलेगी। हालांकि, अनियोजित खर्चों पर नियंत्रण रखना आवश्यक होगा।
7. तुला राशि (Libra):एकादश व द्वितीय भाव का परिवर्तन: महान धन योग। आय के नए स्रोत खुलेंगे, व्यापारिक सौदों से बड़ा वित्तीय लाभ होगा और जमा पूंजी कई गुना बढ़ेगी।
8. वृश्चिक राशि (Scorpio):दशम व प्रथम/लग्न भाव का परिवर्तन: प्रबल कर्म राजयोग। कार्यक्षेत्र में सर्वोच्च पद, सरकारी/प्रशासनिक सम्मान, नई जिम्मेदारियाँ और अपार प्रसिद्धि प्राप्त होगी।
9. धनु राशि (Sagittarius):नवम व द्वादश भाव का परिवर्तन: धार्मिक व विदेश यात्राओं के प्रबल योग बनेंगे। उच्च शिक्षा व आध्यात्मिक कार्यों में सफलता मिलेगी तथा पिता व गुरुजनों का आशीर्वाद मिलेगा।
10. मकर राशि (Capricorn):अष्टम व एकादश भाव का परिवर्तन: अप्रत्याशित वित्तीय लाभ (पैतृक संपत्ति, बीमा या रुका हुआ धन) मिलेगा। स्वास्थ्य और खान-पान में सावधानी बरतें।
11. कुंभ राशि (Aquarius):सप्तम व दशम भाव का परिवर्तन: व्यापारिक व कर्म राजयोग। व्यवसाय का विस्तार होगा, नए अनुबंध होंगे और जीवनसाथी का आपके करियर में महत्वपूर्ण सहयोग रहेगा।
12. मीन राशि (Pisces):षष्ठ व नवम भाव का परिवर्तन: भाग्योदय में आ रही रुकावटें दूर होंगी। प्रतिस्पर्धियों व कानूनी मामलों में विजय मिलेगी और कठिन परिस्थितियों में भी भाग्य का पूर्ण साथ मिलेगा।
आरोग्य और स्वास्थ्य प्राप्ति के विशेष शास्त्रीय नियम
नक्षत्र प्रभाव (अनुराधा व ज्येष्ठा): संहिताओं तथा 'आदित्याचार' के अनुसार, जब सूर्य वृश्चिक राशि के अंतर्गत आने वाले अनुराधा और ज्येष्ठा नक्षत्रों से संचरण करते हैं, तो मनुष्य स्वस्थ और रोगमुक्त रहता है। यह अवधि शारीरिक ऊर्जा व स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत शुभ मानी गई है।
• पित्त व उष्णता संतुलन: सूर्य और मंगल दोनों ही उष्ण तथा पित्त-प्रकृति के ग्रह हैं। इस गोचर काल में शरीर में उष्णता बढ़ सकती है, अतः अत्यधिक तीखे, मिर्च-मसालेदार भोजन से बचें और पर्याप्त मात्रा में जल का सेवन करें।
• चिकित्सा एवं शल्य-चिकित्सा: शास्त्रों में सूर्य को औषधियों और वैद्यों का स्वामी माना गया है। यह एक महीना पुरानी बीमारियों के सटीक निदान, सर्जरी (शल्य-चिकित्सा) तथा नए औषधीय उपचार आरंभ करने के लिए बेहद फलदायी है।
इस गोचर काल (17 नवंबर - 16 दिसंबर) के लिए अचूक उपाय
1. सूर्य को अर्घ्य: प्रतिदिन प्रातःकाल तांबे के लोटे में शुद्ध जल, लाल चंदन व लाल पुष्प डालकर सूर्य देव को अर्घ्य दें और 'ॐ घृणिः सूर्याय नमः' मंत्र का 108 बार जप करें।
2. मंगल व हनुमान उपासना: हनुमान चालीसा का नियमित पाठ करें तथा भगवान कार्तिकेय (स्कंद) की आराधना करें।
3. दान: रविवार के दिन तांबा, गुड़, गेहूं या लाल वस्त्र का दान करें।
4. सदाचार: अपने पिता, गुरुजनों और उच्च अधिकारियों का सम्मान करें। बातचीत में उतावलेपन, क्रोध व अहंकार से दूरी बनाए रखें।
5. आदित्यहृदय स्त्रोत्र का पाठ करें।

%20(1).webp)