भोपाल, 18 नवम्बर 2026: मध्यप्रदेश में विकास एक्सप्रेस चलाने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी शैलेष पाठक एक बार फिर मध्यप्रदेश वापस आ रहे हैं। इस श्री पाठक जबलपुर-भोपाल-इंदौर इकोनॉमिक कॉरिडोर का काम संभालेंगे।
शैलेष पाठक कौन है
मध्यप्रदेश शासन ने जबलपुर-भोपाल-इंदौर में इकोनॉमिक कॉरिडोर डेवलपमेंट कंपनी के गठन के बाद अब इस कंपनी के कामकाज की शुरुआत के लिए पूर्व आईएएस अधिकारी को कंपनी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। अध्यक्ष मुख्यमंंत्री हैं। अविभाजित मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के 1990 बैच के आईएएस रहे शैलेष पाठक ने शिवपुरी कलेक्टर रहते हुए विकास एक्सप्रेस शुरू की थी। इसके तहत वे सभी प्रशासनिक अधिकारियों को एक बस में लेकर, अचानक किसी भी गांव में पहुंच जाते थे और व्यवस्थाओं का ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण करते थे। ग्रामीणों से बात करते और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करते थे। कलेक्टर पाठक की विकास एक्सप्रेस इतनी लोकप्रिय हुई कि नेशनल मीडिया तक उसके कवर करने आई। बाद में यह मॉडल और भी कई राज्यों में अपनाया गया।
शैलेश पाठक स्पेशल परपज वीकल के उपाध्यक्ष
शैलेश के. पाठक को स्पेशल परपज वीकल (एसपीवी) का उपाध्यक्ष बनाया है। यह एसपीवी अगले डेढ़ साल में कॉरिडोर का चिन्हांकन करेगा और उद्योगपतियों, औद्योगिक विकास के लिए लीडिंग रोल प्ले करने वाले लोगों से संवाद कर कारिडोर को आकार देने का खाका तैयार करेगा।
औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन विभाग द्वारा इसको लेकर आज आदेश जारी में कहा है कि वरिष्ठ सलाहकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) मुंबई को जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के समेकित आर्थिक विकास के लिए गठित विशेष प्रयोजन साधन (स्पेशल परपज वीकल) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
उपाध्यक्ष की नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। जरूरत होने पर कार्यकाल में वृद्धि की जा सकती है। इसके पहले राज्य सरकार ने कैबिनेट के फैसले के बाद कॉरिडोर के विकास और निगरानी के लिए राज्य शासन के स्वामित्व में जबलपुर-इंदौर इकोनॉमिक कॉरिडोर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड का गठन कर लिया है।
शैलेष पाठक ये काम करेंगे
कंपनी द्वारा एसपीवी के उपाध्यक्ष के रूप में पाठक के लिए जो काम तय किया है उसके अनुसार पाठक अगले डेढ़ साल में कॉरिडोर के अंतर्गत आने वाले जिलों में कॉरिडोर के लिए एरिया चिन्हांकन का काम करेंगे। वे इस दौरान देखेंगे कि कॉरिडोर किस रूट से होकर गुजारा जा सकता है। उसके विकास के लिए वे अपनी टीम बनाकर उद्योगपतियों और लीडिंग पर्सनालिटीज के साथ संवाद करेंगे और एसपीवी चेयरमैन को रिपोर्ट करेंगे। एसपीवी का काम सिर्फ कॉरिडोर की प्लानिंग करना होगा। सड़क बनाने का काम राज्य शासन से अधिकृत होने वाली अलग सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
भारत के सबसे लंबे इंडस्ट्रियल बेल्ट में से एक
यह कॉरिडोर करीब 600 किलोमीटर लंबे इंडस्ट्रियल बेल्ट के रूप में होगा। जबलपुर, भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ रायसेन, सीहोर, नरसिंहपुर और देवास जैसे जिलों से होकर गुजरेगा।
इसके लिए करीब 10,000 एकड़ औद्योगिक भूमि व टाउनशिप विकसित करने का काम किया जाएगा। आगे चलकर यह 3 लाख एकड़ तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। इसके जरिए एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आकर्षित करने पर फोकस किया जाएगा।
बताया गया कि भोपाल से इंदौर के बीच आष्टा में 21,000 एकड़ में औद्योगिक पार्क और भोपाल से जबलपुर के बीच धर्मपुरा में मल्टी प्रोडक्ट इंडस्ट्रियल पार्क प्रस्तावित हैं। इसके लिए 3 से 6 महीने में मास्टर प्लान तैयार करने का लक्ष्य भी तय किया है।

.webp)