मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने फर्जी खबर फैलाने वालों के खिलाफ साइबर क्राइम सेल में की शिकायत

Updesh Awasthee
भोपाल, 12 नवंबर 2026:
सोशल मीडिया पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के नाम और पदाधिकारियों के कथित बयानों का दुरुपयोग कर भ्रामक खबर प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से संबद्ध मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित राज्य साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

भोपाल समाचार के नाम का दुरुपयोग

संघ के प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम सेल) को ज्ञापन सौंपा। शिकायत में बताया गया कि 10 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर 'भोपाल समाचार' के नाम और पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए एक भ्रामक एवं मनगढ़ंत खबर प्रसारित की गई। इस पोस्ट में शिक्षकों की TET परीक्षा तथा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर के नाम से कथित बयान प्रकाशित किया गया था।
संघ पदाधिकारियों ने इस खबर को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि प्रदेशाध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर 13 अक्टूबर 2026 से गंभीर बीमारी के चलते बंसल अस्पताल में उपचाररत हैं। ऐसे में उनके नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित बयान की सत्यता पर गंभीर सवाल उठते हैं। 

संगठन की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि इस प्रकार की भ्रामक सूचनाओं से प्रदेश के शिक्षकों के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है। साथ ही, संगठन की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। संघ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट के स्क्रीनशॉट को साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल स्रोत एवं आईपी एड्रेस की जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान करने की मांग की। संघ ने संबंधित प्रावधानों के तहत मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

इन पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन

शिकायत दर्ज कराने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता, प्रांतीय कोषाध्यक्ष विनोद पूनी, सह संगठन मंत्री राजीव शर्मा, आयाम प्रमुख विनय सिंह चौहान, प्रांतीय सचिव अनिल सिंह मुक्तावत एवं भोपाल जिला अध्यक्ष नागेश पांडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन के नाम पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना की आधिकारिक पुष्टि संगठन के अधिकृत माध्यमों से ही की जानी चाहिए।

भोपाल समाचार का पक्ष

विधि विभाग, भोपाल समाचार की ओर से एडवोकेट अजय गौतम ने बताया कि, इस समाचार से हमारे संस्थान का कोई संबंध नहीं है। यह डॉक्यूमेंट AI से जनरेट किया हुआ लगता है। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। हम "मध्यप्रदेश शिक्षक संघ" द्वारा की गई शिकायत का समर्थन करते हैं एवं शिक्षक समुदाय से अपील करते हैं कि, तेजी से बदलती है इस दुनिया में असली और नकली के बीच फर्क करें, और समाज को शिक्षित करें। यह हम सब का नैतिक कर्तव्य है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!