भोपाल, 23 नवंबर 2026: जब घर का मुखिया लापरवाह हो तो पूरे घर में मक्खियां नजर आतीं हैं। भोपाल में कुछ ऐसा ही हो रहा है। कलेक्टर के पद पर श्री प्रियंक मिश्राजी हैं, लेकिन उनकी रुचि कलेक्टर के कामों में नहीं है। उनके निर्देश पर श्रीमती इला तिवारी, जिला चला रहीं थीं। आजकल महेन्द्र कवचे भी शामिल हो गए हैं। श्री कवचे की योग्यता की सराहना कीजिए। उन्होंने कलेक्टर के निर्देश पर सभी सरकारी विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए। यह इतिहास में शायद पहली बार हुआ होगा, क्योंकि इससे पहले तक केवल अधिकारियों या कर्मचारियों को ही नोटिस जारी होते थे।
ये तो बताओ, नोटिस जारी करेगा कौन
कलेक्टर के जनसंपर्क अधिकारी ने प्रेस को जानकारी भेजी है कि, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में एडीएम श्री महेन्द्र कवचे एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में न करने एवं लगातार लापरवाही करने वाले विभाग उच्च शिक्षा, आयुष, वन विभाग, जीएडी, सामाजिक न्याय विभाग, जेल, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, जल संसाधन विभाग, उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, खनिज, पर्यटन विभाग, खेल एवं युवक कल्याण विभाग, आपदा प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इस जरा से प्रतिवेदन में गजब की लापरवाही देखिए। पहला तो एडीएम और सीईओ जिपं ने मिलकर दर्जनभर से ज्यादा विभागों को नोटिस जारी कर दिए। जबकि विभाग, कोई व्यक्ति नहीं होता। नोटिस हमेशा जीवित इंसान के नाम जारी किए जाते हैं।
दूसरा दोनों अधिकारियों ने कलेक्टर के निर्देश पर विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। यह भी अपने आप में गजब है। मतलब ये नहीं बताया कि नोटिस जारी करेगा कौन और किसके पास इतनी अधिकारिता है।
यह जिले की महत्वपूर्ण साप्ताहिक समीक्षा बैठक है
यहां याद दिलाना जरूरी है कि यह जिला की व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण साप्ताहिक समीक्षा बैठक है। इसमें पिछले सप्ताह की समीक्षा होती है और अगले सप्ताह के टारगेट सेट किए जाते हैं। इस तरह की बैठक कलेक्टर द्वारा ही संबोधित की जाती है परंतु भोपाल में कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा इस महत्वपूर्ण बैठक में भी उपस्थित नहीं होते।
बैठक में क्या हुआ
अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र कवचे ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्त्यिों के प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के भी निर्देश दिए। 'जल गंगा संवर्धन अभियान 2026-27' के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग अपनी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, जिसके उपरांत 7 अप्रैल से 30 जून तक इस अभियान का व्यापक संचालन किया जाएगा। कार्य योजना में 'जल जीवन मिशन' के अंतर्गत पूर्ण एवं प्रगतिरत परियोजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की जाएगी। इसके अतिरिक्त, समस्त राजस्व अधिकारियों को अपने मूल दायित्वों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाली सेवाओं को समय-सीमा में प्रदान करने के लिए पाबंद किया गया। अपर कलेक्टर ने विभिन्न आयोग से प्राप्त शिकायतों के निराकरण, जनप्रतिनिधियो से प्राप्त पत्रों में जवाब प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

.webp)