Dhruv Rathee को पकड़कर लाओ: कोर्ट का आदेश, संपत्ति कुर्की भी हो सकती है

Updesh Awasthee
नई दिल्ली, 23 नवम्बर 2026
: जर्मनी में रहने वाले स्वयंभू भारतीय देशभक्त ध्रुव राठी, अपने वीडियो में किसी का सम्मान नहीं करते। अक्सर लोगों को बेवाकूफ कहा करते हैं। यहां तक तो ठीक था लेकिन अब स्पष्ट हुआ है कि ध्रुवराठी भारतीय न्याय व्यवस्था का भी सम्मान नहीं करते। दिल्ली की कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी करके आदेशित किया है कि ध्रुव राठी को पकड़कर लाओ। यदि इसके बाद भी ध्रुवराठी कोर्ट में पेश नहीं हुए तो आगे क्या होगा, हम यह भी बताएंगे। 

क्या है पूरा मामला: 2018 में ध्रुव राठी ने क्या किया था

यह कानूनी विवाद करीब आठ साल पुराना है। मई 2018 में ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2 शीर्षक से एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में कथित तौर पर कुछ गंभीर दावे किए गए थे। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन, जिन्हें विकास पांडे के नाम से भी जाना जाता है और जो आई सपोर्ट नरेंद्र मोदी नामक प्रमुख सोशल मीडिया पेज के संस्थापक हैं, ने इस वीडियो को लेकर दिल्ली की अदालत में आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता विकास पांडे का आरोप है कि ध्रुव राठी ने अपने वीडियो में उनके खिलाफ बिना किसी तथ्य के झूठे और अपमानजनक आरोप लगाए। वीडियो में कथित तौर पर यह दावा किया गया था कि विकास पांडे के माध्यम से एक अन्य व्यक्ति को रिश्वत देने की कोशिश की गई थी। शिकायतकर्ता ने अदालत के समक्ष कहा कि इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा, जिससे समाज और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी छवि को गहरा नुकसान पहुंचा।

अरविंद केजरीवाल खेद व्यक्त कर चुके हैं

इसी मामले में साल 2018 में एक और बड़ा राजनीतिक मोड़ तब आया था, जब दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ध्रुव राठी के इस विवादित वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से री-ट्वीट कर दिया था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अरविंद केजरीवाल और ध्रुव राठी दोनों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। बाद के वर्षों में अरविंद केजरीवाल ने अदालत के समक्ष इस री-ट्वीट को लेकर खेद व्यक्त किया था, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला सुलझ गया, लेकिन मूल वीडियो बनाने वाले ध्रुव राठी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही अलग से जारी रही।

साकेत कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट क्यों जारी किया?

साकेत कोर्ट की प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अनम रईस खान ने नवंबर 2026 में इस मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि अदालत द्वारा बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद आरोपी की ओर से उपस्थिति दर्ज नहीं कराई जा रही है। चूंकि ध्रुव राठी सामान्य रूप से जर्मनी में निवास करते हैं, इसलिए शुरुआती वर्षों में उन तक अदालती समन की तामील होने में लंबा वक्त लगा।

ध्रुव राठी ने न्यायालय के आदेश का पालन नहीं किया

अदालत ने पहले ध्रुव राठी को समन भेजकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया था। जब समन के बाद भी पेशी नहीं हुई, तो कोर्ट ने अक्टूबर 2026 में उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था।

ध्रुव राठी के खिलाफ न्यायालय का सख्त कदम: 

जमानती वारंट जारी होने के बाद भी जब नवंबर 2026 की निर्धारित तारीख पर ध्रुव राठी या उनके अधिकृत कानूनी प्रतिनिधि अदालत की संतुष्टि के अनुरूप उपस्थित नहीं हुए, तो मजिस्ट्रेट ने जमानती वारंट को गैर-जमानती वारंट में बदल दिया।

अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर 2026 की तारीख तय की है और संबंधित पुलिस व प्रशासनिक माध्यमों से वारंट की तामील कराने का निर्देश दिया है।

गैर-जमानती वारंट (NBW) का मतलब क्या होता है

जब न्यायालय किसी व्यक्ति को मामले में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाता है परंतु कई बार बुलाने के बाद भी व्यक्ति न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत नहीं होता तो गैर-जमानती वारंट के माध्यम से अदालत द्वारा पुलिस को आदेश दिया जाता है कि, आरोपी को गिरफ्तार करके सीधे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करे। हालांकि इसमें गिरफ्तारी अनिवार्य नहीं होती। आरोपी इसे रद्द कराने के लिए अदालत में व्यक्तिगत रूप से या अपने वकील के जरिए आवेदन दे सकता है।

ध्रुव राठी कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो क्या हो सकता है

जब आरोपी भारत से बाहर निवास करता है, तो अदालत गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबंधित देश में स्थित भारतीय दूतावास के जरिए वारंट या समन की तामील कराती है। यदि किसी मामले में आरोपी गैर-जमानती वारंट के बाद भी लगातार अदालत की अवहेलना करता है, तो इसके कई गंभीर परिणाम हो सकते हैं:

भारत आगमन पर तत्काल गिरफ्तारी: 

गैर-जमानती वारंट लंबित रहने की स्थिति में यदि संबंधित व्यक्ति भारत के किसी भी हवाई अड्डे पर उतरता है, तो इमिग्रेशन और पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर उसे तुरंत हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया: 

यदि कोई आरोपी लंबे समय तक गैर-जमानती वारंट से बचता रहता है, तो अदालत अगली कड़ी के रूप में उद्घोषणा जारी कर सकती है और भारत में स्थित उसकी संपत्ति को कुर्क करने का आदेश भी दे सकती है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!