मैंने दिग्विजय सिंह से कहा कि तुम्हारे बाप मुझे नहीं खरीद पाएंगे: अरविंद भदौरिया / MP NEWS


भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया का एक 3 मिनट 47 सेकंड वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भदौरिया पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके बेटे को लेकर अमार्यादित भाषा बोल रहे हैं। शनिवार रात भदौरिया भिंड में प्रदेश में कमलनाथ सरकार के गिरने की कहानी सुना रहे थे। भदौरिया ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बारे में कहा कि वो काला है, उसका दिल भी काला है। 

​दिग्विजय सिंह ने मेरे घर पुलिस भेजी, भाई को थाने बुलवाया

भदौरिया भिंड जिले की अटेर विधानसभा से विधायक हैं। कमलनाथ सरकार का तख्तापलट करने में भदौरिया की भूमिका भी अहम मानी जाती है। वे पहली बार शिवराज सरकार में सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री बने हैं। शनिवार को मंत्री बनने के बाद भिंड आए तो उन्होंने सरकार गिरने के कई राज खोले। उन्होंने कहा कि 22 दिन 22 विधायक (कांग्रेस के) बेंगलुरु में रहे। उससे पहले 13-14 विधायक उनके पास थे। तब दिग्विजय सिंह, उनका बेटा जयवर्धन सिंह और जीतू पटवारी होटल में आए, गुंडागर्दी की। मैंने कहा- मैं चंबल से आता हूं, मेरा नाम अरविंद सिंह भदौरिया है। चंबल का आदमी प्यार से बात करता है, गुंडागर्दी से नहीं। उसके बाद दिग्विजय ने मुझे खरीदने की कोशिश की। मैंने कहा कि तुम्हारे बाप मुझे नहीं खरीद पाएंगे। बाद में उन्होंने मेरे भाई को पुलिस थाने बुलवाया। मेरे घर पर पुलिस भेजी। मेरे नौकर को पकड़ लिया। फिर भी सरकार नहीं बचा पाए। अरविंद ने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के बारे में भी अपशब्द कहे।

कांग्रेस पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया

शहर के निराला रंग विहार में आयोजित स्वागत सभा में मंत्री डॉ. भदौरिया ने 23 मिनट 16 सेकंड का भाषण दिया। इसमें पहले तो उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उसके बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए कहा कि कांग्रेस को 60 प्रतिशत लोगों ने सिंधिया के चेहरे पर वोट दिया था। जबकि कमलनाथ के चेहरे पर 7 प्रतिशत वोट मिला था। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार बनी तो उन्होंने वादाखिलाफी की। सिंधिया ने कहा तो उन्होंने उनकी नहीं सुनी। 

अटेर के पूर्व विधायक कटारे पर भी निशाना, कहा- राजनीति में भी मर्यादा होती है

कैबिनेट मंत्री डॉ. भदौरिया ने अपने भाषण के अंत में कांग्रेस से अटेर के पूर्व विधायक हेमंत कटारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिसके जैसे संस्कार होते हैं वह वैसा बोलता है। राजनीति में भी मर्यादा होती है। लेकिन मैं इसका जवाब नहीं दूंगा। जब कभी सामने आएंगे तो जनता जवाब देगी। दरअसल, कुछ महीने पहले पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह के आवास पर आयोजित पत्रकारवार्ता में अटेर के पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने अरविंद भदौरिया को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

19 जुलाई को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !