जबलपुर। आग से जलने के कारण राइट टाउन स्थित ग्रोवर अस्पताल में भर्ती होने के बाद मृत एक युवक की मौत के मामले में पनागर पुलिस ने मृतक की पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। ये कार्रवाई पुलिस ने मृतक के 12 वर्षीय बेटे के बयानों पर की है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पनागर थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि ग्राम पौड़ी निवासी देवी सिंह ठाकुर मरावी (35 वर्ष) को 19 मई की रात आग से जलने के कारण राइट टाउन स्थित ग्रोवर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां 22 मई की सुबह देवी सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। लार्डगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर डायरी पनागर थाने भेजी थी।
श्री यादव के अनुसार जांच के दौरान ग्राम पौड़ी के सरपंच मृतक देवी सिंह के 12 वर्षीय बेटे अंकित के बयान लिए गए थे। जिसमें ये बात सामने आई थी कि देवी सिंह का उसकी पत्नी सावित्री से आए दिन घरेलू बातों पर विवाद होता रहता था। अंकित ने जानकारी दी कि 19 मई की रात मम्मी-पापा के बीच शाम से ही झगड़ा चल रहा था लेकिन रात 12 बजे पिता देवी सिंह घर के आंगन में सो गए थे। इसी दौरान सवा 12 बजे मां सावित्री ने घर पर रखी पेट्रोल की बोतल पिता के ऊपर कुड़ेलने के बाद उन्हें आग लगा दी थी। श्री यादव के अनुसार जांच और कथनों के आधार पर सावित्री बाई के खिलाफ धारा 302 का अपराध दर्ज कर लिया है।

