भोपाल, 1 सितंबर 2026: सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीलिंग की कार्रवाई का सामना कर रहे भोपाल के लगभग एक लाख व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने आज एक बार फिर प्रदर्शन किया। वह मुख्यमंत्री निवास तक जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। व्यापारी तो सीएम तक नहीं पहुंच पाए लेकिन उनकी आवाज पहुंच गई। खबर मिली कि उनकी डिमांड पूरी होने वाली है।
भोपाल में दुकानदारों ने आज न्यू मार्केट से सीएम हाउस मार्च किया
भोपाल में रेजिडेंशियल इलाकों में कमर्शियल एक्टिविटी के खिलाफ नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को व्यापारियों का प्रदर्शन करीब चार घंटे चला। सुबह 11 बजे भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले व्यापारी न्यू मार्केट से सीएम हाउस की ओर निकले, लेकिन रोशनपुरा चौराहे से पहले पुलिस ने बेरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। व्यापारियों ने बेरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सख्ती करते हुए उन्हें रोक दिया। इस दौरान कुछ व्यापारी नीचे गिर गए, हालांकि किसी को चोट नहीं आई। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने ‘तानाशाही बंद करो’ के नारे लगाए।
Bhopal Traders Could Not Meet CM, But Their Voice Reached Him; Demands Likely to Be Met Soon
सरकार की सद्बुद्धि के लिए थाली, शंख और डमरू बजाए गए। एक व्यापारी बापूजी के गेटअप में भी प्रदर्शन में पहुंचा। ACP अखिल पटेल ई-रिक्शा पर चढ़कर व्यापारियों को समझाते नजर आए, लेकिन व्यापारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने SDM को ज्ञापन देने से भी इनकार कर दिया और मुख्यमंत्री से मिलने की मांग की।करीब चार घंटे बाद SDM अर्चना शर्मा के आश्वासन पर व्यापारी माने। इसके बाद चैंबर अध्यक्ष गोविंद गोयल और संघर्ष समिति अध्यक्ष आनंद सोनी ने व्यापारियों का आभार जताया और प्रदर्शन खत्म करने की बात कही। हालांकि, कई व्यापारी इससे संतुष्ट नहीं थे। उनका कहना था कि उन्हें आश्वासन नहीं चाहिए, नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई बंद होनी चाहिए। लेकिन शाम तक असंतुष्ट व्यापारियों के लिए भी गुड न्यूज़ आ गई। सोशल मीडिया पर खबर वायरल हो रही है कि, भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट रेडी करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

