भोपाल समाचार, 31 अगस्त 2026: मध्य प्रदेश की सरकारी स्कूलों में लगभग 70000 अतिथि शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। सरकार ने व्यवस्था दी है कि, अतिथि शिक्षक को एक बार सेवा में लेने के बाद सत्र की समाप्ति तक, बिना किसी गंभीर कारण के सेवा से पृथक नहीं किया जाएगा, लेकिन अगले एक सप्ताह में 7000 अतिथि शिक्षकों की सेवाएं समाप्त होने वाली है।
Madhya Pradesh: 7,000 Guest Teachers May Lose Jobs This Week
दरअसल, प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 के अभ्यर्थियों की स्कूल एलोकेशन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। 7000 अभ्यर्थियों को अपनी शाला का चयन करना है। स्कूल का आवंटन होते ही यह सभी अपने स्कूलों में ज्वाइन करने के लिए जाएंगे और स्कूल संचालक के प्रावधान में स्पष्ट लिखा है कि अतिथि शिक्षक की नियुक्ति केवल तब तक ही की जाएगी जब तक नियमित शिक्षक उपलब्ध नहीं है। मुख्यमंत्री ने वादा तो किया था और इससे संबंधित सर्कुलर भी जारी हुआ था लेकिन शायद मुख्यमंत्री महोदय बड़े चतुर थे। उन्होंने व्यवस्था में संशोधन नहीं करवाया। और प्रावधान के सामने किसी भी घोषणा या निर्देश का कोई महत्व नहीं होता।
बात सिर्फ 7000 पर नहीं रुकेगी
स्कूल शिक्षा विभाग वर्ग-2 के चयनित शिक्षकों के लिए वेटिंग काउंसलिंग का दूसरा चरण भी सोमवार से शुरू करेगा। इसमें प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को रिक्त पदों के अनुसार स्कूल आवंटित किए जाएंगे। विभाग के मुताबिक वर्ग-3 के चयनित शिक्षकों की जॉइनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस कैटेगरी में भी वेटिंग काउंसलिंग जल्द शुरू की जाएगी। मतलब वर्ग 2 वाले अतिथि शिक्षकों की भी नौकरी खतरे में है। हालांकि वर्ग एक वाले अतिथि शिक्षक राहत की सांस ले सकते हैं। क्योंकि वर्ग एक वाले अभ्यर्थियों का मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। हालांकि सितंबर में जजमेंट आने की उम्मीद है।

