भोपाल, 25 अगस्त 2026: मध्य प्रदेश भाजपा में पहली पंक्ति के कुछ नेता सिर्फ अपने लिए काम कर रहे हैं लेकिन कुछ नेता ऐसे भी है जो संगठन को भी मजबूत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। श्री प्रहलाद पटेल का नाम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए नंबर वन पर था। वह भी दिल में जलन लेकर किसी आग को हवा दे सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं कर रहे हैं। पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। आज उन्होंने कांग्रेस के एक विधायक से मुलाकात की और सोशल मीडिया पर फोटो रिलीज करके ऐलान कर दिया, हम साथ-साथ हैं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग में शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा सीट से श्री कैलाश कुशवाहा विधायक हैं। सुना है, श्री कुशवाह की कोई पार्टी नहीं है, लेकिन इस बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर आए हैं। विधानसभा के रिकॉर्ड के अनुसार शिवपुरी जिले के सबसे सक्रिय विधायक हैं। अपनी विधानसभा के साथ दूसरी विधानसभाओं में भी दखल दिया करते हैं। चुनाव जीतने के बाद से ही श्रीमंत महाराज साहब, ज्योतिरादित्य सिंधिया के नजदीक जाने की कोशिश करते रहे परंतु शायद जय विलास पैलेस के दरवाजे खुले नहीं। आज ताजा खबर मिली है कि, श्री कैलाश कुशवाह, शिवपुरी के भाजपा नेता और शिवपुरी में एकमात्र प्रहलाद पटेल समर्थक योगेश शर्मा के साथ भोपाल में कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद पटेल से मिले।
आज मंगलवार है, कैबिनेट मीटिंग है इसलिए सभी मंत्री भोपाल में हैं, लेकिन विधायक श्री कैलाश कुशवाहा भोपाल में क्यों है, यदि है तो कैबिनेट मंत्री के बंगले पर क्यों है? यदि विधानसभा के विकास के बारे में चर्चा करनी है तो भाजपा नेता के साथ क्यों है? सवाल तो बहुत सारे हैं और जवाब एक ही है, नेताजी पार्टी बदलने वाले हैं?
इसी समय बंगले पर कुछ और लोग भी थे
कांग्रेस विधायक श्री कैलाश कुशवाहा जिस समय कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद पटेल से मिले, उनके बंगले पर कुछ और लोग भी थे। बालाघाट से श्रीमती वंदना स्वराज बारमाटे और बसई से श्री महेश लोधी जी भी थे। इन दोनों से तो कोई दिक्कत नहीं है लेकिन, शिवपुरी से प्रहलाद पटेल समर्थक योगेश शर्मा के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्योपुर श्रीमती नेहा कुलश्रेष्ठ भी बंगले पर मौजूद थी। तो क्या श्री कैलाश कुशवाह, पोहरी से भोपाल वाया श्योपुर आए हैं।

