भोपाल, 2 सितंबर 2026: नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने शिवनगर में नाला निर्माण में लापरवाही के कारण नगर निगम के कार्यपालन यंत्री श्री बृजेश कौशल को सस्पेंड कर दिया है। सनद रहे कि पिछले दिनों भोपाल में मूसलाधार बारिश के दौरान, नाला नहीं होने के कारण आसपास के इलाकों में पानी भर गया था।
जारी आदेशानुसार, जोन नंबर-16 के शिव नगर में नाले के निर्माण कार्य निर्धारित अवधि 10 मई 2023 से 9 मई 2024 के मध्य किया जाना था। उक्त अवधि में कार्यपालन यंत्री बृजेश कौशल के अधीन नाला निर्माण होना था, लेकिन बृजेश कौशल ने कार्य में रूचि नहीं ली और नियत समयावधि व्यतीत होने के पश्चात भी नाला निर्माण अपूर्ण है। नाला निर्माण को पूर्ण किए जाने के लिए पूर्व में भी बृजेश कौशल को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए, लेकिन उक्त महत्वपूर्ण कार्य को बृजेश कौशल ने गंभीरता से नहीं लिया। आदेश में कहा गया है कि यह कार्य के प्रति घोर लापरवाही का द्योतक है।
जलभराव क्षेत्रों में पहुंची थीं कमिश्नर
निगम कमिश्नर जैन ने 10 अगस्त और 24 अगस्त को जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। शिव नगर नाले के निर्माण कार्य अपूर्ण होने से सुंदर नगर और उड़िया बस्ती के अनेक मकानों में पानी भर गया था। जिससे क्षेत्र का सामान्य मानव जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। उक्त महत्वपूर्ण कार्य में कौशल द्वारा लापरवाही और उदासीनता बरतने से जनजीवन पर प्रभाव पड़ा था। इसके चलते बुधवार को बृजेश कौशल को निलंबित कर दिया गया।

