भोपाल, 22 जून 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कलेक्टर की टीम इस सप्ताह यानी 22 जून से लेकर 28 जून तक कुछ खास नहीं करेगी। आज सोमवार को ही बैठक में कोई प्लानिंग नहीं की गई और कलेक्टर ने कोई विशेष निर्देश नहीं दिया। जबकि मौसम विभाग के अनुसार 40 मिली मीटर बारिश होने की संभावना है। लखनऊ में कोचिंग लाइब्रेरी में आग लग चुकी है जिसके कारण कई छात्र जिंदा जल गए और इसी सप्ताह UCC भी है।
Bhopal Collectorate Meeting Ends Without Major Action Plan for the Week
आज कलेक्टर कार्यालय से प्रेस को बैठक का जो प्रतिवेदन भेजा गया है, उसमें कोई पिन पॉइंट जानकारी नहीं है। सोमवार को होने वाली टाइम लिमिट की मीटिंग का निबंध लिखा हुआ है। यदि भोपाल हटाकर मध्य प्रदेश के किसी भी जिले का नाम लिख दिया जाए तो यह प्रतिवेदन फिट हो जाएगा। सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर वही निर्देश दिए गए जो हर बैठक में दिए जाते हैं। मतलब ऐसा कुछ भी नहीं हुआ जो उल्लेखनीय हो और जनता को बताने के योग्य हो। कलेक्टर कार्यालय से जनता को बताने के लिए प्रेस को भेजे गए बैठक का प्रतिवेदन हम जैसा कहते हैं प्रकाशित कर रहे हैं, आप भी पढ़ लीजिए, खाना पूर्ति कैसे होती है:-
सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी प्रकरणों का करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण-कलेक्टर श्री मिश्रा
भोपाल कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नागरिकों से जुड़े प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता और संतुष्टि को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निराकरण संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत प्राप्त हो सके।
बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध सेवा प्रदाय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है।
बैठक में राजस्व प्रकरणों,विभागीय समय-सीमा पत्रों तथा विभिन्न विभागों की प्राथमिकता वाली गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए नियमित समीक्षा करें तथा आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में अपर कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, समस्त एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना क्रमांक/565/06-26/073
विजय/अरुण शर्मा

.webp)