सीएम डॉ. मोहन ने मंत्रियों से चुनावी वादों का हिसाब लिया, प्रभार वाले जिलों का हाल-चाल जाना

Updesh Awasthee
भोपाल, 17 मई 2026:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 मई को मंत्रियों के एक-एक काम का हिसाब लिया। उनसे पूछा कि उनके प्रभार वाले जिलों में कितना काम हुआ है, सरकार की योजनाएं-नीतियां समाज के सबसे निचले हिस्से तक कितनी पहुंची हैं। उन्होंने मंत्रियों से पूछा कि उनके विभाग के कामों की क्या स्थिति है और उनके विभाग की उपलब्धियां क्या रहीं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से ये भी पूछा कि चुनाव के समय जो वायदे जनता से किए गए थे, वे कितने पूरे हुए। इसी तरह संगठन पदाधिकारियों ने भी सत्ता-संगठन का तालमेल जांचा। उन्होंने भी मंत्रियों से बातचीत की और संगठन की बैठकों की जानकारी ली। सीएम डॉ. यादव और संगठन पदाधिकारियों ने आज 20 मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की। कल यानी 18 मई को 11 मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की जाएगी। इन बैठकों में निगम मंडल के पदाधिकारियों को शासन-प्रशासन के मंत्र दिए जाएंगे। 

सह-संगठन मंत्री ने पूछा कार्यकर्ताओं का ख्याल रखते हो या नहीं

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया को बताया कि आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सह-संगठन मंत्री सहित हम लोगों ने करीब 20 मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने मंत्रियों से पूछा कि सरकार-संगठन का समन्वय कैसा है, प्रभार वाले जिलों में उनके कितने प्रवास हुए, उस समय संगठन के जो कार्यक्रम थे, संगठन की जो रचना थी, उनकी बैठकें हुई कि नहीं, संगठन से उनका तालमेल कैसा है। खंडेलवाल ने बताया कि जहां तक मंत्रियों के विभागों और उनकी समीक्षा की बात है, उन विषयों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनसे बातचीत की। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रियों से पूछा कि कि वो अपने प्रभार के जिले में जा रहे हैं तो स्कूलों की क्या स्थिति है, स्वास्थ्य केंद्रों की क्या स्थिति है, आंगनवाड़ी की क्या स्थिति है, सरकार जो योजनाएं और नीतियां बना रही है, उसके जिलों में निचले स्तर पर कितना असर है।

मध्य प्रदेश में मंत्रियों को वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल बैठक करने के निर्देश

प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि मैं समझता हूं कि बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने मंत्रियों से सभी विषयों पर बातचीत की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से पूछा कि चुनाव के समय हमने जो वायदे जनता से किए थे, वो कहां तक पूरे हुए। सरकार की जो अपेक्षाएं हैं, उन पर मंत्रियों ने क्या काम किया है। उनके विभाग की क्या उपलब्धियां रही हैं। खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं से, नागरिकों से तीन चार विषय पर अपेक्षा की है। पेट्रोल-डीजल हम कम से कम खर्च करें, सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करें। वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल बैठक करें। हमारी किसी विषय को लेकर कोर टीम की आपातकालीन बैठक होने वाली थी, हम इस बैठक को वर्चुअली करेंगे। हम कोशिश कर रहे हैं कि अगर कोई बैठक वर्चुअली हो सकती है तो उसे उसी प्रकार करेंगे। 

निगम मंडलों के अध्यक्षों को देंगे मंत्र

खंडेलवाल ने कहा कि कल सुबह 9:00 बजे से 11:00 तक जो 10-11 मंत्री रह गए हैं उनसे भी वन टू वन मीटिंग करेंगे। अभी तो सिर्फ जो मंत्रिमंडल के सदस्य हैं, उनके कामों के बारे में सरकार ने समीक्षा की है और हमारे प्रभार के जिलों में संगठन को लेकर उनके क्या काम थे, कोर की लगातार बैठकें होती हैं, संगठन का सिलसिला है उसको लेकर बात की है। कल निगम मंडल के सभी अध्यक्षों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ट्रेनिंग के लिए बुलाया है। उनसे वह संवाद करेंगे कि उनका जनता से कैसे समन्वय रहे, उनका कैसा अपना आदर्श, आचरण रहे और संतुलन रहे। जहां तक संगठन से जुड़े विषय हैं उन पर हम और हमारे प्रभारी महेंद्र सिंह चर्चा करेंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!