आलीराजपुर की पांच खबरें: दो पुलों का भूमि पूजन, सड़क की समस्या का समाधान, तत्काल सहायता, बैठक और प्रदर्शन

Updesh Awasthee
आलीराजपुर
। आलीराजपुर जिले में हाल ही में विकास और जनसेवा की विविध गतिविधियाँ संपन्न हुई हैं, जिनमें कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान द्वारा ₹7 करोड़ से अधिक की लागत वाले दो प्रमुख पुलों का भूमि पूजन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने अग्नि पीड़ितों को अपनी स्वेच्छा निधि से ₹50,000 की तत्काल सहायता प्रदान की और वर्षों से लंबित ग्रामीण सड़क निर्माण की बाधाओं को दूर करने की पहल की। राजनीतिक स्तर पर, भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक मजबूती और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से विभिन्न मंडलों में नियमित बैठकें आयोजित कीं, वहीं दूसरी ओर युवा कांग्रेस ने नाव हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए प्रशासनिक सतर्कता की मांग उठाई।

पूर्व सरपंच सोमला बारिया को विधायक निधि से 50000 की सहायता

आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आज़ाद नगर क्षेत्र अंतर्गत बरझर ग्राम में हाल ही में हुई भीषण आगजनी से प्रभावित पूर्व सरपंच सोमला बारिया के परिवार से मिलने जोबट विधायक सेना महेश पटेल पहुंचीं। आग की इस घटना में परिवार का घर और पूरा गृहस्थी सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे वे गंभीर संकट में आ गए हैं।
विधायक ने मौके पर पहुंचकर तहसीलदार जितेंद्र तोमर के साथ स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को शीघ्र राहत एवं मुआवजा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए उन्होंने अपनी स्वेच्छा निधि से ₹50,000 की सहायता देने की घोषणा भी की। दौरे के दौरान विधायक ने सड़क दुर्घटना में घायल पूर्व सरपंच महेश मावी से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। विधायक की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहते हुए आभार व्यक्त किया। 

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की 

बरगी डैम में हुए नाव हादसे में 13 लोगों की मौत पर युवक कांग्रेस ने शोक व्यक्त करते हुए कैंडल मार्च निकाला। जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में मुर्गी बाजार चौराहे से राजीव गांधी प्रतिमा तक मार्च निकालकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया।
युवक कांग्रेस ने हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाने और प्रदेश के सभी जल पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच कराने की अपील की गई। 

विधायक पटेल ने ग्राम बोरकुण्डिया तालाब फलिया में सड़क निर्माण हेतु सहमति बनवाई

अलीराजपुर की जोबट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरकुण्डिया तालाब फलिया में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की समस्या का समाधान विधायक सेना महेश पटेल के हस्तक्षेप से संभव हो सका। करीब 200 मीटर मार्ग के अभाव में ग्रामीणों को खासकर बरसात के दौरान भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक स्वयं मौके पर पहुंचीं और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थल पर बुलाया। लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ हुई चर्चा में भूमि संबंधी अड़चनों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सभी विभागों ने आपसी सहमति से सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का निर्णय लिया। विधायक की मौजूदगी में ही प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर सहमति बनते ही ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। इस दौरान विधायक ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने महिलाओं और आदिवासियों के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा आमजन के मुद्दों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान: 7 करोड़ के दो पुलों का भूमि पूजन

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने आज ग्रामीण अंचलों में विकास की नई इबारत लिखते हुए विभिन्न निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन, शिक्षा, सिंचाई एवं विद्युत सुविधाओं से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। आज कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने 7 करोड़ 29 लाख 87 हजार लागत से बनने वाले 2 पुल का भूमि पूजन एवं 5 लाख 97 हजार लागत से स्थापित विद्युत डीपी का लोकार्पण किया।

विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने बताया कि विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आ रही मांगो के आधार पर किया गए वादों को पूरा करते हुए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने आज आगलगोट-बिजोरिया पुल निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया, जिसकी लागत 3 करोड़ 17 लाख 75 हजार रुपए है। इसके साथ ही पिथनपुर पुल निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया, जिसकी लागत 4 करोड़ 12 लाख 12 हजार रुपए है। दोनों पुल लंबे समय से क्षेत्र की मांग थे, जिनके निर्माण से आसपास के गांवों को बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य भदू पचाया, अमन सिंह , मंडल अध्यक्ष सुरेश सस्तिया, रोशन पचाया, मेहताब झाड़ोली, हरीश, जागरसीह, बालू, छगन सहित कई
स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात मिलने पर मंत्री नागरसिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।

हर माह होगी मंडल स्तरीय एवं जिला स्तरीय की बैठक

आलीराजपुर। संगठनात्मक दृष्टि से "प्रवास" भारतीय जनता पार्टी की कार्यसंस्कृति का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रभावशाली अंग है। यह प्रक्रिया संगठन की जड़ों को सुदृढ़ करने, कार्य की गति को तीव्र बनाने तथा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और उत्साह का संचार करने का सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल जी के निर्देशानुसार पार्टी की प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में सभी मंडलों की मंडल स्तर पर नियमित बैठक करने के निर्देश अनुसार आज आलीराजपुर जिले के भाबरा, उदयगढ़ एवं बरझर मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। 

जिलाध्यक्ष मकू परवाल एवं जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया ने मंडल की कार्यप्रगति की बिंदुवार जानकारी ली। जिसके पश्चात जिला प्रभारी श्री पटोदिया ने प्रत्येक मंडल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर कार्यक्रमों की स्थिति का आकलन करते हुए जहां आवश्यक हुआ वहां सुधार के निर्देश दिए। जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया ने स्पष्ट कहा कि संगठन की मजबूती का आधार मंडल और बूथ स्तर की सक्रियता है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।

जिलाध्यक्ष मकू परवाल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्य नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनहित के कार्यों के माध्यम से आमजन का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित सभी अभियानों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना है। साथ ही उन्होंने बूथ सशक्तिकरण, पन्ना प्रमुख व्यवस्था को मजबूत करने, लाभार्थी संपर्क अभियान को तेज करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के लिए कहा।

मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं राज्य सरकार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश के अंतिम छोर तक विकास की गाथा लिखते हुए ग्रामों फलियों से लेकर छोटे बड़े शहरों तक सभी जगहों हर आम जनमानस की हर बुनियादी एवं जनसुविधा अनुसार की जा रही मांगो को पूरा करते हुए सरकार हर मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध करवाने हेतु वचनबद्ध होकर कार्यरत है। 

उन्होंने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी, गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार से जुड़ी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।

उदयगढ़ मंडल की बैठक के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मांगीलाल चौहान का सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वागत करते हुए बधाई दी। 

बैठक में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, भाजपा जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया, जिलाध्यक्ष संतोष (मकू) परवाल, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, युवा नेता विशाल रावत, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मांगीलाल चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनीष शुक्ला, अजय जायसवाल सहित भाबरा मंडल अध्यक्ष नारायण अरोड़ा, बरझर मंडल अध्यक्ष लालसिंह, उदयगढ़ मंडल अध्यक्ष जीतू गुजराती, भूपेंद्र डावर, मांगीलाल चौहान सहित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता द्वारा दी गई।
रिपोर्ट: नवीन सेन।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!