आलीराजपुर के सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर, विधायक की आपत्ति

Updesh Awasthee
आलीराजपुर, 22 मार्च 2026
: जोबट तहसील के ग्राम उदयगढ़ के बावड़ी खुर्द स्थित मॉडल हायर सेकेंडरी शासकीय स्कूल में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के आयोजन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस घटनाक्रम ने पूरे क्षेत्र की राजनीति को गरमा दिया है और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

BJP Training Camp Held in Govt Model Higher Secondary School in Alirajpur, MLA Objects

जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए तीखी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “सरकारी संस्थाओं पर किसी भी राजनीतिक दल का झंडा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्या के मंदिर में भाजपा का शिविर लगाना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता और गरिमा के खिलाफ भी है।”

विधायक ने कहा कि शासकीय स्कूलों का उद्देश्य शिक्षा देना है, न कि उन्हें राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाना। इस प्रकार की घटनाएं छात्रों और अभिभावकों के बीच गलत संदेश देती हैं और शिक्षा संस्थानों की पवित्रता को ठेस पहुंचाती हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक पटेल ने कलेक्टर को शिकायत करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट रूप से बावड़ी खुर्द मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य एवं उदयगढ़ बीईओ को इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया और दोनों के तत्काल निलंबन की मांग की।

विधायक की शिकायत के बाद प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर से भाजपा के सभी झंडे, बैनर और प्रचार सामग्री हटवा दी। सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

विधायक पटेल ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि भविष्य में किसी भी शासकीय संस्थान में इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां पाई गईं, तो इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

इस पूरे घटनाक्रम के बाद उदयगढ़ क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। आमजन के बीच भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है और अब सभी की नजरें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!