भोपाल, 20 जुलाई 2026: भोपाल संभाग के अंतर्गत राजगढ़ ब्यावरा रोड पर SDM लिखी हुई एक बोलेरो गाड़ी ने 28 वर्षीय युवा किसान को पहले टक्कर मारी और फिर कुशल कर मार डाला। यह गाड़ी टैक्सी पास है और इटारसी के मनोज कहार नाम से दर्ज है। राजगढ़ के एसडीएम जब नर्मदा पुरम में थे, तब यह गाड़ी उनके पास थी। पुलिस ने अज्ञात गाड़ी और अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट में यह तक नहीं लिखा की गाड़ी के ऊपर SDM लिखी हुई पट्टी थी।
राजगढ़-ब्यावरा मार्ग पर लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास हुआ एक्सीडेंट
राजगढ़ कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बांसखेड़ी गांव निवासी किसान मांगीलाल तंवर (28) के रूप में की गई है। बाइक सड़क पर दूर मिली है। लाश की स्थिति बहुत खराब थी। सड़क पर खून बिखरा हुआ था। किसान की हड्डियां चकनाचूर हो गईं। मृतक के परिजन ने बताया- मांगीलाल तंवर सोमवार सुबह अपनी मक्का की फसल के लिए कीटनाशक दवा खरीदने बाइक से ब्यावरा गए थे। दोपहर करीब 12 बजे वह वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह राजगढ़-ब्यावरा मार्ग पर लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास पहुंचे, तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पहले टक्कर मारी और फिर कुचल डाला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बोलेरो का टायर किसान के शरीर के ऊपर से गुजर गया। इससे उनका पेट फट गया, आंतें बाहर आ गईं। एक पैर टूटकर पेट पर आ गया। हादसे के बाद चालक बोलेरो समेत मौके से फरार हो गया। कुछ देर तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा।
बोलेरो के आगे SDM लिखा था
मृतक के साले ने बताया कि जिस बोलेरो ने टक्कर मारी, उसके आगे 'SDM' लिखा हुआ था। इसके बाद वह बताए गए समय के अनुसार ब्यावरा टोल प्लाजा पहुंचे। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में एक बोलेरो दिखाई दी, जिसके आगे 'SDM' लिखा हुआ नजर आ रहा है। उन्होंने उस वाहन की तस्वीर भी निकलवाई है।
दो मासूम बेटियों लावारिस हो गई
परिजन के मुताबिक, मांगीलाल तंवर अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की उम्र 7 साल है, जबकि छोटी बेटी अभी महज ढाई महीने की है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने बताया- घटना की सूचना मिलने पर हमारी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के टुकड़े और आंत के टुकड़ों को समेटा। पॉलिथीन में भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया- घटनास्थल से बोलेरो की हेडलाइट और नंबर प्लेट का टूटा हुआ हिस्सा भी मिला है। अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
नर्मदापुरम पासिंग बोलेरो ने कुचला
राजगढ़ एसडीएम जय सोलंकी ने बताया- नर्मदापुरम में रहने के दौरान गाड़ी उनके पास ऑफिस में अटैच थी। अब मेरे पास नहीं है। तबादला राजगढ़ हो गया है। गाड़ी वर्तमान में किस जगह लगी है, इसकी जानकारी जुटा रहा हूं। जबकि लोगों का कहना है कि गाड़ी अभी भी राजगढ़ के एसडीएम जय सोलंकी के पास ही है।
RTO RECORD
रजिस्ट्रेशन नंबरः MP05 T2196
रजिस्ट्रेशन की तारीखः 9 जून 2023
मालिकः मनोज कहार
स्थायी पताः इटारसी, जिला नर्मदापुरम
मॉडल: बोलेरो B6 BS6
रंगः सफेद

.webp)