MP GOV NEWS - स्कूल शिक्षा विभाग का स्पोर्ट्स मैनेजमेंट सिस्टम, 180 नोडल खेल केंद्र

Updesh Awasthee
भोपाल।  स्कूल शिक्षा विभाग ने एजुकेशन पोर्टल की तर्ज पर स्पोर्ट्स मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभाग की खेलकूद शाखा की गतिविधियों, प्रतियोगिताओं के आयोजन और उससे संबंधित पत्राचार को पेपरलेस कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के चलते खेलों से जुड़ी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है।  

रजिस्ट्रेशन शुरु 

शिक्षा विभाग के अंतर्गत मान्यता प्राप्त एमपी बोर्ड के विद्यालय, सीबीएसई के ऐसे स्कूल जो स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होना चाहते हैं, वे इस पोर्टल पर निर्धारित पंजीयन शुल्क के साथ आवश्यक अभिलेख अपलोड करके पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन 14 से 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं के लिए केवल एक बार कराना होगा। स्पोर्ट्स मैनेजमेंट सिस्टम में प्रति वर्ष आवश्यकतानुसार अपग्रेड करने की सुविधा प्रदान की गई है। विद्यालय में अध्ययनरत नियमित खिलाड़ियों की दर्ज संख्या के आधार पर खेल शुल्क का संकलन इसी पोर्टल के माध्यम से किया जाता है, जो स्वतः ही संचालनालय, संयुक्त संचालक, संभाग, एवं जिला शिक्षा अधिकारी के खाते में शासन द्वारा निर्धारित प्रतिशत के अनुसार हस्तांतरित हो जाता है। यह व्यवस्था खेलों में निष्पक्षता, पारदर्शिता, और खिलाड़ियों की आयु के प्रमाणीकरण के साथ अपात्र खिलाड़ियों को किसी भी स्तर पर प्रतियोगिता में शामिल होने से रोकती है।  

180 नोडल खेल विद्यालय प्रशिक्षण केंद्र  

सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को उच्च स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में स्थित शासकीय विद्यालयों में 180 नोडल खेल केंद्रों की स्थापना की गई है। इन केंद्रों के माध्यम से खेल अधोसंरचना के साथ उत्कृष्ट स्तर की खेल सामग्री और खेल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पिछले वर्ष 500 खिलाड़ियों ने राज्य और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया और इसमें 600 पदक प्राप्त किए। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!