भाजपा गई तेल लेने: बगावत के स्वर बुलंद, कई नेता निर्दलीय लड़ेंगे, भाजपा को भाजपाईयों से खतरा | BHOPAL NEWS

कांग्रेस का तो कल्चर ही है। वहां टिकट वितरण के बाद मारपीट, बगावत, बयान, हंगामा, तोड़फोड़ होती ही है। यदि ना हो तो बड़ी खबर हो जाती है लेकिन इस बार संस्कार और अनुशासन के नाम पर खड़ी की गई पार्टी में कार्यकर्ता मुखर हो रहे हैं। अब वो किसी भी नाम पर चुप रहने को तैयार नहीं है। वो खुलकर सामने आ रहे हैं। हम यहीं इसी पेज पर आपको बताते रहेंगे। मध्यप्रदेश में आज रविवार दिन भर कहां क्या हुआ। पढ़ते रहिए: भोपाल समाचार डॉट कॉम।

नीमच में संगठन मंत्री पर चप्पल फेंकी
नीमच। मनासा में BJP के कार्यकर्ता सम्मलेन में हंगामा, BJP के संगठन मंत्री अशोक यादव का हुआ जमकर विरोध, वहीं कार्यकर्ताओ की भीड़ में से चप्पल भी फेंखी गई, आक्रोशित कार्यकर्ताओं के गुस्से को झेल नही पाए संगठन मंत्री उल्टे पेर दौड़ना पड़ा ! दरसअल नीमच जिले की मनासा विधानसभा से माधव मारू को भाजपा प्रत्याशी घोषित करने के बाद से ही मनासा में कार्यकर्ताओं में और सिटिंग विधायक कैलाश चावला के समर्थकों में विरोध देखने को मिल रहा है।

सिंगरौली से राधा सिंह, सतना में रामोराम गुप्ता ने इस्तीफा दिया
चितरंगी सीट पर भाजपा ने पूर्व मंत्री स्व. जगन्नाथ सिंह के भाई अमर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इसके विरोध में पूर्व मंत्री की बहू राधा सिंह ने अजजा मोर्चा की प्रदेश मंत्री व जिला पंचायत सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। सतना से दावेदार रामोराम गुप्ता इस्तीफा देकर सपाक्स के मंच पर पहुंचे।

हाटपिपल्या विधायक तेज सिंह बागी निर्दलीय
चार बार के विधायक तेज सिंह सेंधव ने हाटपिपल्या से फॉर्म भर दिया है। उन्होंने भाजपा नेताओं की अनदेखी करने से नाराज होते हुए कहा कि अब निर्दलीय चुनाव लडूंगा।

खंडवा कपड़े उतारकर प्रदर्शन
प्रत्याशी देवेंद्र वर्मा के विरोध के युवाओं ने कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया। पंधाना में पूर्व विधायक योगिता बोरकर ने प्रत्याशी राम दांगोरे के खिलाफ मोर्चा खोला। मांधाता में नगर परिषद अध्यक्ष संतोष राठौर प्रत्याशी नरेंद्रसिंह तोमर का विरोध किया।

पनागर विधायक सुशील तिवारी का विरोध किया गया। रतलाम सिटी से पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के विरोधी तेवर हैं तो नीमच की मनासा सीट पर माधव मारू का विरोध हो रहा है।

विधायक पन्नालाल शाक्य निर्दलीय के लिए राशुमारी
विधायक पन्नालाल शाक्य अपना टिकट कटने की वजह से नाराज हैं। उन्होंने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि अगर जनता कहेगी तो वे चुनाव लड़ेंगे।

केएल अग्रवाल बगावत क मूड में 
बमोरी : टिकट न मिलने से पूर्व राज्यमंत्री केएल अग्रवाल खफा हैं। चुनाव लड़ने के संकेत दिए।

सागर मुकेश जैन निर्दलीय ऐलान
प्रत्याशी शैलेंद्र जैन के विरोध में दावेदार मुकेश जैन ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

खरगोन और महेश्वर में विरोध प्रदर्शन

खरगोन से भारतीय जनता पार्टी के विधायक व मंत्री बालकृष्ण पाटीदार के खिलाफ भी विरोध के स्वर मुखर हुए है। यहां से दावेदार राजेंद्र राठौर के समर्थकों ने पाटीदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। महेश्वर से भाजपा विधायक राजकुमार मेव के समर्थकों ने उन्हें टिकट नहीं दिए जाने को लेकर भाजपा कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। मेव के स्थान पर भाजपा ने महेश्वर से भुपेन्द्र आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। मूलत: इंदौर के रहने वाले मेव यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ सकते है।

मलकीत सिंह संधू ने भाजपा से इस्तीफा दिया, मुंगावली से निर्दलीय लड़ेंगे
अशोकनगर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मलकीत सिंह संधू ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मुंगावली से चुनाव लड़ने की भी घोषणा की है। मलकीत सिंह ने कहा कि जब मुंगावली उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री सहित पूरी सरकार मुंगावली की सीट नहीं बचा पाई तो इस बार तो बीजेपी सीट के बारे में भूल ही जाए। उन्होंने यहां से पूर्व कांग्रेसी नेता के पी यादव को टिकट देने का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि बरसों से काम कर रहे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई है।

बगावत के बीच प्रदेश अध्यक्ष ने मांगे सुझाव
भाजपा में बगावत के बीच प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। रूठों को मनाने और बागियों को चुप कराने के बजाए वो व्हाट्सप्प पर सुझाव मांग रहे हैं। आज उन्होंने ट्वीटर पर लिखा: दीजिये अपने सुझाव कॉल, SMS एवं व्हाट्सप्प के माध्यम से 730 44 730 44 पर दें या लॉग इन करें http://www.samriddhmp.in  पर। आपके उत्कृष्ट एवं अभिनव सुझाव बनेंगे एक सशक्त, सक्षम एवं समृद्ध मध्यप्रदेश का आधार। आईडिया में है दम? पूरा करेंगे हम!

भाजपा टिकट दे ना दे, चुनाव जरूर लडूंगा: सरताज सिंह
भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता सरताज सिंह ने पार्टी पर आरोप लगाया है मेरी सीट होल्ड करने जैसी स्थिति नहीं थी, लेकिन फिर भी पार्टी द्वारा ऐसा किया गया है, जनता चाहती है कि मै चुनाव लड़ूं। सरताज सिंह ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि टिकट नहीं मिला तो कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करुंगा। जनता चाहती है मैं चुनाव लडूं। टिकट नहीं मिला तो सिवनी मालवा जाकर जनता की राय लूंगा। 200 पार की बात महज एक नारा है। बीजेपी की सरकार आई तो यह हमारी उपलब्धि होगी।

देवास में विधायक चम्पालाल देवड़ा ने बगावत का ऐलान किया
देवास। बागली के भाजपा विधायक चम्पालाल देवड़ा का पार्टी ने फीडबैक के आधार पर टिकट काट दिया है। लेकिन वह इस फैसले से खफा हैं और निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि बागली विधानसभा 'कोरकू' बाहुल्य सीट है। ऐसे में यहां से पहाड़ सिंह कन्नौजे  को टिकट दिए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में रोष है। 'कोरकू' समाज और कार्यकर्ताओं के भावनाओं का सम्मान रखने के लिए चुनावी मैदान में उतरेने का फैसला किया है। विधायक चम्पालाल देवड़ा के इस ऐलान से बागली के राजनीतिक गलियारों में हलचल का माहौल है।

छतरपुर। अनित्या सिंह ने किया निर्दलीय लड़ने का ऐलान
छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की चंदला विधानसभा सीट पर घमासान शुरू हो गया है। बीजेपी ने यहां से इस बार निवर्तमान विधायक आरडी प्रजापति का टिकट काट कर उनके बेटे राजेश प्रजापति को उम्मीदवार बनाया है। लेकिन पार्टी के इस फैसले के खिलाफ यहां बगावत शुरू हो गई है। चंदला नगर परिषद अध्यक्ष अनित्या सिंह ने पार्टी छोड़ कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वह इस सीट से टिकट की मांग कर रही है थीं। लेकिन बीजेपी ने प्रजापति के बेटे को यहां से मैदान में उतारने का फैसला लिया।

कृष्णा बहू ने बगावत का ऐलान कर दिया

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की कृष्णा बहू ने ताल ठोक दी है। शनिवार सुबह पार्टी और अनुशासन की बात की थी। रविवार सुबह बदला हुआ बयान छप गया। बताया जा रहा है कि लगातार 10 बार जीत का रिकॉर्ड बनाने वाले विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने उत्तराधिकार के तहत अपना टिकट अपनी बहू को दिलाने की कोशिश की परंतु शिवराज सिंह कृष्णा गौर को भी टिकट देने में आना-कानी कर रहे हैं। गौर इससे नाराज हैं। बहू ने साफ कर दिया है कि पार्टी उन्हें टिकट दे या नहीं, वे इस्तीफा देकर हर हाल में गोविंदपुरा से ही चुनाव लड़ेंगी।

रतलाम में पटेल और कोठारी निर्दलीय
रतलाम। जावरा विधायक और बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ श्याम बिहारी पटेल ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। जबकि रतलाम में बीजेपी नेता हिम्मत कोठारी ने मौजूदा विधायक चेतन काश्यप के खिलाफ ताल ठोंक दी है।

विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रभात झा की गाड़ी का घेराव किया
भोपाल। भाजपा में एतिहासिक विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुका है। अशोकनगर से आए भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय को घेर लिया। यहां विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रभात झा की गाड़ी का घेराव किया गया। प्रदर्शनकारी देशराज यादव की पत्नी बाई साहब के समर्थक हैं। हाल ही में हुए मुंगावली उपचुनाव में भाजपा की ओर से बाई साहब को टिकट दिया गया था। चुनाव 2018 के लिए भी उनका ही नाम चल रहा था लेकिन इस बार केपी सिंह यादव को टिकट दे दिया गया। इसी से गुस्साए कार्यकर्ता गाड़ियों में भरकर भाजपा कार्यालय आ धमके। समाचार लिखे जाने तक वो हंगामा कर रहे हैं। उनकी मांग है कि टिकट रद्द करके बाई साहब को दिया जाए। 

समर्पण कर चुके बागी डकैत मलखान सिंह भी बीजेपी दफ्तर पहुंच गए हैं। वो खुद टिकट मांग रहे थे। अब डबरा से बीजेपी के दावेदार सरदार सिंह के लिए की पैरवी कर रहे हैं। कह रहे हैं मेरा टिकट सरदार सिंह को दे दीजिए। 
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !