BJP: मुरलीधर पाटीदार और दीपक जोशी के खिलाफ बगावत, निर्दलीय लड़ेंगे | MP NEWS

आगर-मालवा/देवास। विस चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी होने के साथ ही बगावती सुर तेज हो गए हैं। टिकट नहीं मिलने से नाराज दो पूर्व विधायकों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। सुसनेर से वर्तमान विधायक मुरलीधर पाटीदार को टिकट मिलने से नाराज भाजपा के पूर्व विधायक व गो संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष संतोष जोशी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। वहीं हाटपिपलिया से भी भाजपा के पूर्व विधायक तेजसिंह सैंधव ने निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला लिया है।

जोशी बोले- हमारे कार्यकर्ता चाहते हैं मैं चुनाव लड़ूं, इसलिए लिया फैसला
पाटीदार का नाम घोषित होने के बाद भाजपा में बगावत के सुर उठने लगे हैं। जोशी ने नलखेड़ा स्थित अपने निवास पर पत्रकार वार्ता आयोजित कर यह जानकारी दी। जोशी ने बताया स्थानीय कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर ही मैंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। बाकायदा जोशी ने नामांकन पत्र भी प्राप्त किया है। पत्र लेने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि वे चुनाव लड़ सकते हैं।

जोशी पहले भी मुरलीधर पाटीदार का विरोध कर चुके हैं। जोशी ने टिकट वितरण में अपनी और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा - पाटीदार भाजपा की विचारधारा से पृथक विचारधारा रखने वाले व्यक्ति हैं। जोशी ने पार्टी में लंबे समय से कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, यही वजह है कि अब मैंने यह निर्णय लिया है।

सुसनेर विधानसभा का गणित
क्षेत्र में सोंधिया, पाटीदार, राजपूत और यादव समाज के मतदाता बहुतायत में हैं।
वर्तमान विधायक भाजपा के मुरलीधर पाटीदार हैं। विस क्षेत्र में कुल 2,12,795 मतदाता हैं
अब तक यहां हुए विस चुनावों में 5 बार बीजेपी और 3 बार कांग्रेस को जीत मिली है।

पाटीदार पर एक नजर
49 वर्षीय पाटीदार दूसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। 2013 में वे सुसनेर सीट से ही जीते थे। 19 साल शिक्षक रहे। राज्य शिक्षा कर्मचारी संघ व राज्य अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं।
जातिगत समीकरण... सुसनेर विधानसभा में 2 लाख 12 हजार वोटर हैं। इनमें अकेले पाटीदार समाज के 30 हजार मतदाता हैं।
पिछले चुनाव में... पाटीदार ने कांग्रेस के वल्लभभाई को 27776 मतों से हराया था।
ये बोले- एंटीइनकम्बेंसी जैसा नहीं है। संतोष जोशी बड़े भाई जैसे हैं। पार्टी के बड़े नेता उन्हें बातचीत से मना लेंगे।

हाटपिपल्या से भाजपा के पूर्व विधायक भी निर्दलीय मैदान में उतरे
हाटपिपल्या सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा पूर्व विधायक तेजसिंह सैंधव ने भी निर्दलीय मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। उन्होंने फाॅर्म भी खरीद लिया है। सैंधव ने कहा मैंने पार्टी से टिकट मांगा था, किंतु नहीं दिया गया। मैं इसके बाद भी चुनाव लडूंगा, पार्टी मुझ पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी तो मैं उसके लिए तैयार हूं। भाजपा ने हाटपिपल्या से वर्तमान विधायक और मंत्री दीपक जोशी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !