नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटलजी के अस्थि कलश भी अब तमाशा बनते जा रहे हैं। दिल्ली में कलश के साथ सेल्फी को लेकर सवाल उठ गए थे। अब छत्तीसगढ़ में मंत्रियों के ठहाके गूंज रहे हैं। वीडियो भी वायरल हो गया है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा बुधवार को रायपुर पहुंची। श्रद्धांजलि सभा के दौरान मंच पर मौजूद दो मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और अजय चंद्राकर ठहाके लगाते दिखे। दोनों मंत्रियों को देखकर बगल में बैठे भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक असहज हुए और उन्हें डांट लगाई। इसके बाद मंत्री चुप हो गए।
अटल जी के अस्थि कलश कार्यक्रम में भाजपा के मंत्री ठहाके लगाते हुये..!— Akshay Hunka (@akshayhunka) August 22, 2018
शर्म भी शर्मा जाए इनकी ऐसी करतूतों से 😣😣 pic.twitter.com/XuExZAKXjA
यह घटनाक्रम उस समय हुआ, जब अस्थि कलश यात्रा भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर पहुंची थी। कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठे अजय चंद्राकर ने राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडेय को मोबाइल पर डेंगू बीमारी के बारे में कुछ क्लिपिंग दिखाई। इसके बाद दोनों मंत्री किसी बात को लेकर हंस पड़े। इसी दौरान चंद्राकर टेबल ठोकते हुए ठहाके लगाते नजर आए। इसमें बृजमोहन ने भी उनका साथ दिया।
कांग्रेस ने कहा- यह अशोभनीय है: नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा- "शोकसभा के मंच पर ऐसा होना अशोभनीय है। कितना आडंबर और दिखावा है, यह दिख रहा है।" उधर, मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा- "ऐसा कुछ नहीं हुआ, मंच पर सहज बातें हो रहीं थीं।"
दिल्ली में जहां कलश रखा था वहां भाजपा के कार्यकर्ताओं का झुंड कलश के साथ सेल्फी ले रहा था।