भोपाल समाचार, 21 अप्रैल 2026: खुद को एक माफिया डॉन की तरह प्रस्तुत करने वाले पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ मध्य प्रदेश का पूरा पुलिस फोर्स लामबंद हो गया है। मध्य प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब आईपीएस एसोसिएशन ने किसी विधायक के खिलाफ न केवल निंदा प्रस्ताव पारित किया है बल्कि कार्रवाई की मांग भी की है।
Police Force Rallies Against BJP MLA Pritam Lodhi, IPS Association Demands Action
आईपीएस एसोसिएशन मध्य प्रदेश की ओर से जारी प्रेस नोट में लिखा है कि, पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी श्री आयुष जाखड़ (भापुसे) के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है। उक्त वीडियो में डॉ. आयुष जाखड़ नव नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियाँ तथा दी गई धमकियाँ पूर्णतः अमर्यादित एवं अशोभनीय हैं। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें। इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है। मध्यप्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है एवं उचित कार्यवाही की मांग करता है।
आज बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है कि आज सिविल सर्विस दिवस के दिन ही एक सिविल सेवा के अधिकारी के साथ किया गया इस तरह के व्यवहार के संबंध में यह नोट जारी करना पड़ रहा है।
मामला क्या है
विधायक श्री प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने दो छात्राओं सहित पांच लोगों को THAR गाड़ी से कुचल दिया था। इसके बाद बयान दिया कि मैं हॉर्न दिया था, वह नहीं हटे तो मैं कुचल दिया। वीडियो वायरल हुआ तो विधायक श्री प्रीतम लोधी ने कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए लेकिन जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई की विधायक श्री प्रीतम लोधी भड़क उठे, और उन्होंने कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारी (आईपीएस ऑफिसर) को धमकी देना शुरू कर दिया। यहां उल्लेख करना जरूरी है कि विधायक बनने से पहले प्रीतम लोधी ग्वालियर का एक लिस्टेड गुंडा था। इसके खिलाफ 37 से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं जिसमें हत्या और लूट जैसे गंभीर मामले भी हैं।

.webp)