सतना: भीड़ का हमला, 1 की मौत, 1 मरणासन्न, जानवर का मांस बरामद

सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में गुरुवार की आधी रात खदान के पास मवेशियो को काट रहे कुछ लोगों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों को संदेह है कि वो गोहत्या कर रहे थे। हमला होते ही मौके पर मौजूद सभी लोग भाग गए लेकिन 45 वर्षीय रियाज उर्फ राका और 33 वर्षीय शकील, भीड़ में फंस गए। भीड़ ने दोनों को मरते दम तक पीटा। इस घटना में रियाज की मौत हो गई जबकि शकील कौमा में है। पुलिस को मौके से जानवरों का ताजा कटा हुआ मांस मिला है जबकि एक गाय घायल अवस्था में मिली जिसका गला कटा हुआ था और खून बह रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

मरते दम तक पीटते रहे

मामला सतना के बदेरा थाना क्षेत्र के अमगार गांव का है। कैमोर की ओर से गांव लौट रहे दो ग्रामीणों ने कुछ लोगों को खदान के पास मवेशियों के साथ देखा और गांववालों को सूचना दी। गोहत्या के शक में गांववालों ने खदान के पास मिले रियाज और शकील को घेर लिया और बेदम होते तक पीटा। इस हमले में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा मरणासन्न स्थिति में है। गंभीर चोटें आने की वजह से रियाज की जान जा चुकी थी। वहीं शकील को पहले सतना और फिर जबलपुर रेफर किया गया। 

पीड़ितों के साथी भीड़ देखकर भाग गए, पुलिस को भी नहीं बताया

घटनास्थल पर रियाज और शकील के कई साथी भी मौजूद थे। भीड़ को आता देख वो लोग भाग निकले। उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को भी नहीं दी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार की सुबह मौके पर पुलिसबल तैनात कर दिया गया। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। सूचना मिलने पर एसपी राजेश हिंगणकर, एसडीओपी अरविंद तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे। शकील मेट्रो हॉस्पिटल जबलपुर के आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दायर किया है।

दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

अमगार निवासी पवन सिंह गोड़ की शिकायत मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत रियाज, शकी, इस्माइल समेत चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं घायल शकील की शिकायत पर आइपीसी की धारा 307, 34 के तहत चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस प्रकरण में रियाज की मौत के बाद हत्या की धारा 302 बढ़ाई जाएगी। पुलिस का कहना है घटनास्थल से तीन मवेशी बरामद किए गए हैं। इनमें एक के गले में धारदार हथियार से घाव किया गया था। जबकि दो का मांस आरोपी काट चुके थे। इसे जब्त किया गया है। मौके पर कई धारदार हथियार भी मिले हैं। घटना की जांच की जा रही है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !