भोपाल। राजधानी में एक बार फिर बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। इस बार तीन बहनों के इकलौते भाई ने 6 साल की मासूम के साथ ज्यादती और अप्राकृतिक कृत्य किया है। बच्ची उसे पहचानती थी, इसलिए उसने कहा था, अंकल समोसा खिला दो। इसके बाद नशे में धुत आरोपी उसे अपने कमरे में ले गया और वारदात को अंजाम दिया। बिलखिरिया पुलिस ने आरोपी मैजिक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी विकाश साहवाल के मुताबिक इलाके में रहने वाली 6 वर्षीय बच्ची कक्षा पहली की छात्रा है।
मंगलवार को वह स्कूल नहीं गई थी। माता-पिता मजदूरी करने चले गए। इस बीच वह घर के बाहर अपनी बहनों और सहेलियों के साथ खेलने लगी। सुबह करीब सवा नौ बजे उसका परिचित 21 वर्षीय राजेश जाटव आया तो बच्ची ने कहा- अंकल, समोसा खिला दो। इस पर आरोपी उसे अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। बच्ची दर्द से कराहती रही, इसके बाद भी नशे में धुत आरोपी दरिंदगी करता रहा। खून से लथपथ बच्ची अपने घर पहुंची और बहनों को इस घिनौनी वारदात के बारे में बताया। देर शाम माता-पिता काम से लौटे तो बच्ची रोते हुए बोली कि राजेश अंकल ने गंदा काम किया है।
तीन बहनों का भाई है आरोपी
बुधवार सुबह बच्ची के माता-पिता ने बिलखिरिया पुलिस से शिकायत की। कुछ देर बाद ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ज्यादती, अपहरण समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे का आदी है। पिता की मौत के बाद घर में वह अपनी मां के साथ रहता है। तीन बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।