
उन्होंने कहा कि चंद कतिपय लोगों ने मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार को हाईजेक कर रखा है, यही कारण है कि मुख्यमंत्री उनके समक्ष आत्मसमर्पण की मुद्रा में प्रदेश को विभिन्न तरह की अराजकता के रास्ते पर धकेल रहे हैं। इन विषम स्थितियों का खामियाजा प्रदेश की बेगुनाह जनता को भुगतना पड़ रहा है। जनता के इसी दर्द को लेकर कांग्रेस पार्टी 22 फरवरी को सरकार के खिलाफ जंगी प्रदर्शन करेगी।
जंगी-प्रदर्शन को बड़ा स्वरूप देने के लिए श्री यादव ने आज पार्टी के वरिष्ठ नेता सर्वश्री कमलनाथ, दिग्विजयसिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, सत्यव्रत चतुर्वेदी और राज्य सभा सदस्य विवेक तन्खा से दूरभाष पर व्यक्तिगत चर्चा कर प्रदर्शन में भाग लेने हेतु आमंत्रित किया। इस बाबत् श्री यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस पक्ष के निर्वाचित सांसदों व समस्त विधायकों की 78 सदस्यीय एक राज्य स्तरीय समिति भी गठित की है। आगामी 9 फरवरी, को दोपहर 12 बजे शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में इस समिति की बैठक भी आहूत की है।
श्री यादव ने इस संदर्भ में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विभिन्न वरिष्ठ नेताओं और कोरगु्रप के साथ महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें यह भी सुनिश्चित किया गया है कि आगामी 11 फरवरी को इस विषयक प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस पक्ष के निर्वाचित विधायक, जिला समन्वयक, सह-समन्वयक और जिला/शहर कांग्रेस अध्यक्ष पत्रकार वार्ता लेंगे।
श्री यादव ने पार्टी से संबंधित समस्त विधायकों, अनुषांगिक संगठनों के रूप में महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस एवं भाराछासं. के अध्यक्षों के लिए भी प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले कांग्रेसजनों के लिए भी लक्ष्य निर्धारित किये हैं।