भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया में कृषि उप संचालक एसपी शर्मा का रिश्वत लेते एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। वीडियो में शर्मा एक कृषि उपकरण के सप्लायर से नोटों की गड्डियां लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि शर्मा और सप्लायर के बीच कृषि उपकरण की खरीदी में लेनदेन की बातचीत हो रही है।
शर्मा अपनी डायरी में लिखते दिख रहे हैं कि किसानों को बांटे गए स्प्रिंकलर, क्रेशर और सीड ड्रिल की संख्या के हिसाब से कितना कमीशन बनता है। वायरल हुए वीडियो में सप्लायर नोटों को गिनकर शर्मा को देते और फिर ब्रीफकेस में गड्डियां रखते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो एक साल पुराना हो सकता है, क्योंकि शर्मा के चेंबर में पीछे दीवार पर पिछले साल का कलेंडेर टंगा हुआ दिखाई दे रहा है। वैसे भी इस साल से सरकारी योजनाओं के तहत अनुदान देने की प्रक्रिया ऑन लाइन कर दी गई है। दो माह पहले किसान नेता रामजी शरण भार्गव ने सीएस अंटोनी डिसा को शर्मा की शिकायत भेजी थी।
