रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेजबहार क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक शिव डहरिया की मां की हत्या कर दी और पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रात में बुजुर्ग दंपति घर में अकेले थे। इसी बीच अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। उस वक्त विधायक डहरिया रायपुर में थे। सुबह कुछ बच्चों ने घर के बरामदे में खून के निशान देखे और लोगों को इसकी जानकारी दी।
पारिवारिक सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिव डहरिया के माता-पिता सेजबहार थाना क्षेत्र के छछानपैरी गांव में रहते थे। शुक्रवार रात अज्ञात हमलावरों ने उनके बुजुर्ग माता-पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें उनकी मां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में पिता को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।