बिन ब्याही बहू को ले जा रहे परिवार की एक्सीडेंट में मौत, लड़का सागर और लड़की दमोह की थी

Updesh Awasthee
दमोह, 21 जून 2026:
जिले के जबेरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुई भीषण सड़क दुर्घटना, जिसमें कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी, अब नए घटनाक्रम के बाद चर्चा का विषय बन गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार युवक अपनी मां और मामा के साथ कटनी जिले के एक गांव से 20 वर्षीय युवती को लेकर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। हादसे में युवक, उसकी मां और मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम जबेरा थाना अंतर्गत ग्राम पुरेनहाऊ के पास तेज गति से आ रही कार सामने से आ रही बस से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार अखिलेश प्रजापति, उसकी मां सोना प्रजापति और मामा नत्थू प्रजापति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवती रीना साहू (20 वर्ष) और चालक राशिद खान को उपचार के लिए क्रमशः जबलपुर और दमोह के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान
जांच में सामने आया है कि कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पाली निवासी रीना साहू की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से सागर जिले के शाहगढ़ निवासी अखिलेश प्रजापति से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार अखिलेश अपनी मां और मामा के साथ किराए की कार लेकर पाली गांव पहुंचा था। इसके बाद वह रीना को अपने साथ लेकर लौट रहा था। युवती उसके साथ अपनी इच्छा से गई थी या उसे परिवार की सहमति के बिना ले जाया गया था, इस संबंध में पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

घायल युवती मृतकों को नहीं पहचान सकी
दुर्घटना के बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रीना साहू से मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी गंभीर हालत और मानसिक स्थिति के कारण वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। इससे प्रारंभिक जांच में मृतकों और युवती के संबंध को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही।
बाद में जब युवती के परिजन जबेरा पहुंचे और उन्होंने मृतकों की पहचान की, तब पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजन घायल रीना को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर ले गए।

परिजनों ने दर्ज नहीं कराई शिकायत
बताया जा रहा है कि रीना के परिजनों ने युवती के लापता होने अथवा कथित अपहरण की कोई शिकायत पहले किसी थाने में दर्ज नहीं कराई थी। वहीं हादसे के बाद भी उन्होंने किसी प्रकार की कानूनी शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
परिजनों का कहना था कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायत की जा सकती थी, उनकी दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। इसलिए वे कोई प्रकरण दर्ज नहीं कराना चाहते। उपचार के बाद युवती को परिजन अपने साथ घर ले गए।

पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना और उससे जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। युवती के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि वह युवक के साथ अपनी इच्छा से गई थी या किसी अन्य परिस्थिति में उसे ले जाया गया था। फिलहाल मामले में सड़क दुर्घटना के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की भी जांच जारी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!