भोपाल, 23 अगस्त 2026: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दो शिक्षक शहीद हुए। दोनों शिक्षक धोलावाड़ डैम (Dholawad Dam) के पानी में डूब रहे स्कूल के चार विद्यार्थियों को बचाने के लिए कूद गए थे। दोनों शिक्षकों ने मिलकर चार में से तीन विद्यार्थियों को बचा लिया था, लेकिन चौथा बच्चा गहरे पानी में चला गया और उससे बचने की हर अंतिम कोशिश करते हुए दोनों शिक्षकों की मौत हो गई।
त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल, जावरा की पिकनिक पार्टी में हादसा
जानकारी के मुताबिक, त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 7वीं और 9वीं के करीब 17 विद्यार्थी रविवार सुबह 10.30 बजे स्कूल स्टाफ के साथ बस से जावरा से पैराडाइज वैली पहुंचे थे। रतलाम में पैराडाइज वैली (Paradise Valley) एक खूबसूरत प्राकृतिक घाटी और पिकनिक स्पॉट है। धोलावाड़ डैम (Dholawad Dam) के पीछे स्थित है। विद्यार्थियों के साथ प्रिंसिपल संदीप सक्सेना, शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, परवेज खान, प्रिंस मोदी और लेखापाल विजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कुछ बच्चे पानी के पास खेल रहे थे।
बच्चों की जान बचाते हुए शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह की मौत
इसी दौरान कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार, कक्षा 9वीं की छात्रा खुशी पिता नंदलाल रायकवार (15), अन्वेष (15) और सिद्धि (16) का पैर फिसल गया। चारों पानी में चले गए। बच्चों को पानी में डूबते देखकर टीचर प्रिंस मोदी और विजय सिंह मौके पर पहुंचे। बचाव के दौरान खुशी (15), अन्वेष (15) और सिद्धि (16) को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हर्षित (12) को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक भी गहरे पानी में चले गए। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे।
हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला
स्थानीय लोगों ने हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। एसडीईआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाल लिया था। हादसे के बाद तीनों शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया। बाद में स्कूल बस से शवों को जावरा भेजा गया।
हादसे में बचाई गई छात्रा खुशी पिता नंदलाल रायकवार (15) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

