भोपाल, 21 अगस्त 2026: मध्य प्रदेश की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक श्री प्रीतम लोधी को हनी ट्रैप करने की साजिश हो रही है। यह साजिश उनके विरोधियों द्वारा की जा रही है। इस बात की जानकारी खुद विधायक श्री प्रीतम लोधी ने 20 अगस्त को पाल समाज की आक्रोश सभा के दौरान दी।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग का एक जिला है शिवपुरी। शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा के अंतर्गत खनियाधाना तहसील में पाल समाज द्वारा आक्रोश सभा का आयोजन किया गया था। यह लोग अहिल्याबाई की प्रतिमा को तोड़े जाने का विरोध कर रहे हैं। इसी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक श्री प्रीतम लोधी ने बताया कि, पिछोर के डाक बंगला में हमारे विरोधी महिलाओं को मुझे पटाने के लिए भेजते हैं। इतना ही नहीं मुझे 376 में उलझाने का प्रयास भी कर रहे हैं। विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने मंच से भाषण देते हुए कहा कि महिलाएं पिछोर रेस्ट हाउस पर मुझे पटाने के लिए आती हैं।
उन्होंने कहा कि डाक बंगला पर महिलाओं को भेजकर मुझसे जबरन बात करवाते हैं, ताकि मैं कुछ बोल दूं, इस दौरान एक शख्स वीडियो भी बनाता है। पिछोर विधायक ने यह साजिश अपने विरोधियों की बताते हुए कहा कि वो तो चाहते हैं कि मुझ पर 376 लगवा कर मुझे फंसा दें। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

