नईदिल्ली। देशभक्ति को दर्शाने वाला भारत माता की जय का नारा असम विधानसभा चुनाव में अपरोक्ष रूप से चुनावी नारा बन गया है। भाजपा के चुनावी सभाओं में इस नारे की जबर्दस्त गूंज है। जय श्रीराम के बदले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ता के जुबान से अब भारत माता की जय के जयकारे निकल रहे हैं। चुनाव के दूसरे चरण के इलाकों नलबाडी और गुवाहाटी के क्षेत्र में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ताबड़तोड सभाएं की।
शाह जहां भी रैलियों को संबोधित करने पहुंच रहे हैं। वहां उपस्थित जनसमूह उनका अभिनंदन भारत माता की जय के नारे से कर रही है। तो शाह भी मैदान नहीं चूक रहे हैं। अपने संबोधन भाषण की शुरूआत और समापन वो भारत माता की जय के नारे के साथ कर रहे हैं। जनता से भी उनका आग्रह होता है कि वे इतनी जोर से भारत माता के नारे लगाएं। जोकि दिल्ली बैठे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं तक पहुंचे।