खंडवा। रविवार को सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान शहर पहुंचे। रेस्ट हाउस में सुबह 10 बजे सराफा व्यापारियों को मिलने के लिए बुलाया लेकिन व्यापारी वहां नहीं पहुंचे। स्थानीय नेताओं ने उन्हें बताया कि बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाजपा से इस्तीफा दिया है। आखिर वोट बैंक बचाने की खातिर 11.30 बजे खुद सांसद चौहान धरना स्थल पहुंचे और ज्ञापन लिया।
सराफा एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल के 33 वें दिन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान धरना स्थल पहुंचे। व्यापारियों ने उन्हें एक्साइज ड्यूटी को हटाने का अल्टीमेटम दिया। व्यापारियों ने दो टूक शब्दों में कहा सरकार को रोल बैक आना ही पड़ेगा। पूरे 33 दिन बित गए लेकिन कोई भी भाजपा का नुमाईंदा हमसे मिलने नहीं पहुंचा। सांसद नंदु भैय्या ने ज्ञापन लेकर वित्त मंत्री अरुण जेटली को पहुंचाने का आश्वासन दिया।
मीडिया पर भड़के
सराफा में ज्ञापन लेने के बाद जब मीडिया ने सवाल पूछा कि हड़ताल के 33 दिन बाद कैसे इनकी याद आई? तो भड़कते हुए कहा मैं कोई पत्रकार नहीं हूं जो कभी भी आ जांऊ, प्रदेश अध्यक्ष हूं। शहर आया तो मिलने आ गया। तुम्हारे दिमाग में जो फितुर है उसे निकालकर फैंक दो। गलत बात मत करो। अपने मन से मत लगाओ। न तुम्हारे कहने से आउंगा न जाउंगा। एेसी पत्रकारिता मत करो।
