भोपाल। मप्र तकनीकी शिक्षा विभाग के आईटीआई में तीन वर्ष पूर्व व्यापम और एमपी आनलाईन की परीक्षा देकर नियुक्त हुये रिसोर्स पर्सन, कम्प्यूटर आपरेटर, लाईब्रेयिन, प्रशिक्षकों तथा पंचायती राज अंतर्गत बीआरजीएफ योजना में नियुक्त हुये कम्प्यूटर आपरेटरों ने सेवा बहाली और संविदा वृद्वि के लिए मप्र संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर वर्षो से कार्यरत संविदा कर्मचारियों की संविदा वृद्वि की मांग की।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने बताया कि आईटीआई वर्षो से कर्मचारी अधिकारी कार्य कर रहे हैं और उनको कह दिया गया है कि अब आपकी संविदा नहीं बढ़ाई जा रही है। इसलिए आपकी सेवा समाप्त की जा रही है। विभाग द्वारा कहा जा रहा है कि हम फिर से संविदा पर ही पुनः भर्ती करेंगें। वहीं बीआरजीएफ योजना में कार्यरत इंजीनियर, कार्यक्रम अधिकारियों, लेखापालों का संविलयन पंचायतीराज विभाग की अन्य योजनाओं में कर लिया गया है लेकिन डाटा एन्ट्री आपरेटरों को छोड़ दिया है।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देते हुये कहा कि जब संविदा पर ही विभाग दोबारा नियुक्ती कर रहा है तो अनुभवी कर्मचारियों को सेवा से नहीं हटाया जाए। पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों की ही सेवा बढ़ाई जाए। बीआरजीएफ के संविदा कर्मचारियों का संविलयन विभाग के ही अन्य कर्मचारियों की भांति की जाए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया है।
