ग्वालियर। एक पटवारी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी एक किसान से रिश्वत मांग रहा था जिस पर लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों धर दबोचा।
जानकारी के मुताबिक, थाटीपुर के गौतम नगर में पटवारी विनोद गौड़ को लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को 7500 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। पटवारी ने एक किसान से मुआवजे की राशि पास करने के एवज में 10 हजार की रिश्वत मांगी थी।
किसान ने जब रिश्वत देने से इंकार कर दिया तो विनोद गौड़ ने उसकी मुआवजा राशि को अटका दिया, जिससे सूखा पीड़ित किसान की परेशानी और बढ़ गई। आखिरकार पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की, जिन्होंने शिकायत की तस्दीक करने पर उसे सही पाया। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए योजना बनाई गई। इसी क्रम में मंगलवार को किसान आरोपी पटवारी के पास रिश्वत देने के बहाने 7500 रुपए लेकर पहुंचा और जैसे ही विनोद गौड़ ने पैसे लिए वैसे ही मौके पर पहले से मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
