भोपाल। रंगपंचमी पर्व पर राजधानी में कई जुलूस निकाले गए। पुराने और नए शहर के अलावा भेल, बैरागढ़, कोलार रोड में हुरियारों की टोलियां निकलीं।
रंगपंचमी के अवसर पर शहर में आज सुबह से रंगों से सराबोर लोग टोलियों में सड़कों पर मस्ती करते हुए निकल पड़े थे। पुराने शहर में जहां सोमवारा पर रंगों से पुते चेहरों और मस्ती में डूबे लोग धमाल करते नजर आए तो नए शहर के न्यू मार्केट में भी कुछ इसी तरह का माहौल दिखाई दिया। भेल, कोलार रोड और बैरागढ़ में भी छोटी-छोटी टोलियों में सड़कों पर रंगपंचमी मनाते हुरियारों की भीड़ निकलती रही।
पुराने शहर में करौंद में महिलाओं के लिए फूलों की होली का आयोजन किया गया। पार्षद तुलसा वर्मा ने यह आयोजन किया था। हुरियारों की इस टोली में महिलाएं ही महिलाएं शामिल हुईं। करौंद चौराहा से ये लोग जुलूस के रूप में छोला दशहरा मैदान तक पहुंची। यहां उन्होंने कृष्ण लीला की प्रस्तुतियां दीं। फूलों की होली में पूरे रास्ते महिलाओं ने एक दूसरे पर फूलों की बारिश की।