जबलपुर। प्राइवेट स्कूलों ने नया सत्र शुरू होने से पहले ही फीस में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्घि कर दी है, लेकिन शासन द्वारा फीस पर नियंत्रण के लिए रेग्युलेटरी कमेटी का गठन अब तक नहीं किया जा सका है।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री दीपक जोशी ने भी साफ किया है कि कमेटी रेग्युलेशन नियम लागू करने में अभी समय लगेगा। लिहाजा निजी स्कूलों द्वारा ट्यूशन, मैनेजमेंट, टर्म, वेलफेयर फंड के नाम पर अभिभावकों से की जा रही मनमानी फीस वसूली पर फिलहाल जल्द रोक लगती नहीं दिख रही। फीस रेग्युलेशन कमेटी बनाई जा रही है, लेकिन इसे बनने और लागू होने में अभी और कितना वक्त लगेगा ये भी तय नहीं है।
विधानसभा में दी जानकारी से खुलासा
स्कूलों द्वारा बढ़ाई गई फीस का खुलासा विधानसभा को दी गई फीस स्ट्रक्चर की जानकारी से हुआ है। स्कूलों द्वारा दिए पिछले साल और इस साल के ब्यौरे में काफी अंतर सामने आ रहा है। कुछ स्कूलों ने सही जानकारी तो कुछ ने पिछले साल की फीस का ब्यौरा ही भेज दिया है।
