भोपाल। राजधानी भोपाल में भाजपा विधायक विश्वास सारंग के पोस्टर पर विवाद खड़ा हो गया है. इस पोस्टर में विधायक के फोटो के साथ पाकिस्तान का झंडा लगा हुआ है. यह पोस्टर ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर के कुछ इलाकों में लगाया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया है. सारंग के विधानसभा क्षेत्र में लगे इन पोस्टर में उनके और स्थानीय समर्थक के फोटो के अलावा पाकिस्तानी झंडा लगा हुआ है.
एक अंग्रेजी अख़बार से बातचीत में सारंग ने कहा कि यह उनके विरोधी गुट की करतूत है. सारंग ने कहा कि वह भी अपने समर्थकों से पोस्टर लगाने के लिए नहीं कहते हैं. हालांकि ईद (24 दिसंबर) और उनका जन्मदिन (29 दिसंबर) करीब होने की वजह से समर्थकों ने अपनी तरफ से कई जगह पोस्टर और होर्डिंग जरूर लगाए है, लेकिन इस तरह के विवादित पोस्टर कतई बर्दाश्त नहीं किए जा सकते है.
बताया जा रहा है कि सारंग ने भोपाल आईजी को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने लिखा है 'कुछ असामजिक तत्व मुझे जोड़ते हुए गलत और अवैध मैसेज को सोशल मीडिया पर प्रचारित कर रहे हैं. इसमें मेरे फोटो के साथ आपत्तिजनक संदेश शामिल हैं, जिससे मेरा कोई सरोकार नहीं है. आपसे से गुजारिश है कि इस मामले की जांच कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.' वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने इस बड़ा मुद्दा बनाते हुए कहा है कि इस तरह के पोस्टरों को जब्त कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाना चाहिए.
