जयपुर। राजस्थान सरकार कम खर्च में दिल के मरीजों इलाज करने पर विचार कर रही है. जिसके तहत हार्ट ब्लॉकेज के मरीजों के एक ही तरह का स्टंट सभी मरीजों को लगाया जा सके. हालांकि सरकार की इस मंशा पर विशेषज्ञों ने अलग राय दी है. तो चिकित्सा विभाग के आलाधिकारियों ने विशेषज्ञों से तथ्यों के साथ रिपोर्ट देने को कहा है.
राजस्थान के सबसे बडे अस्पताल एसएमएस अस्पताल में आने वाले दिल के मरीजों का इलाज कम खर्च में कैसे हो. इसको लेकर राज्य सरकार विचार कर रही है. फिलहाल एसएमएस अस्पताल में हार्ट ब्लॉकेज होने पर अलग-अलग स्तर के स्टंट लगाए जाते हैं. जिसमें सस्ते से लेकर महंगे स्टंट शामिल है. मरीजों को सबसे सस्ता स्टंट करीब 23 हजार 800 के रूपयों का लगाया जाता है. इसी तरह लगभग 68 हजार और एक लाख रूपए तक के स्टंट भी लगाए जाते हैं.
ऐसे में राज्य सरकार की मंशा है की सबसे सस्ती कीमत में आने वाला स्टंट ही सभी मरीजों के लगाया जाए. जानकारी के अनुसार अभी सबसे कम कीमत का स्टंट बीपीएल मरीजों को लगाया जा रहा है. लेकिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मंशा पर विशेषज्ञों ने अलग राय दी है. विशेषज्ञ चिकित्सकों का कहना है की सस्ती कीमत के स्टंट लगाए जाने वाले मरीजों में समस्या दुबारा आने की संभावना ज्यादा है. ऐसे में मरीजों में एक साल के भीतर फिर से हार्ट ब्लॉकेज की समस्या आती है.
महंगे स्टंट की गुणवत्ता काफी अच्छी होती है. जो मरीज को लगाए जाने के बाद समय समय पर दवाई भी रिलीज करते हैं. इसी कारण महंगे स्टेट परिणाम अच्छे देते हैं. चिकित्सकों की इस राय पर चिकित्सा विभाग के आलाधिकारियों ने इस मामले में एसएमएस अस्पताल के चिकित्सकों से तथ्य पेश करने को कहा है.
